जौनपुर। शहीदों की याद में बृहस्पतिवार को विभिन्न संगठनों की ओर से तिरंगा यात्रा निकालकर शहीदों को नमन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति के नेतृत्व में नगर पालिका टाउन हॉल से कलेक्ट्रेट परिसर तक तिरंगा यात्रा निकली। शहीद स्तंभ व सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। तिरंगा यात्रा नगर पालिका टाउन हॉल से प्रारंभ होकर अटाला मस्जिद, शाही किला, सद्भावनापुल और जोगियापुर से होते हुए कलेक्ट्रेट कचहरी परिसर पहुंची। कार्यकर्ताओं ने शहीद स्तंभ एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर देश तिरंगामय हो चुका है। विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने कहा कि हमारा राष्ट्रीय ध्वज हमें त्याग, शांति और समृद्धि की प्रेरणा देता है। महान सेनानियों को याद करने का दिन है। विधायक रमेश सिंह ने कहा कि यह यात्रा समाज के अंतिम व्यक्ति में देशभक्ति की भावना को और प्रगाढ़ करने का माध्यम है। विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज किसी दल का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का गौरव है। पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि तिरंगे के सम्मान के लिए भारत के वीर सपूतों ने हंसते-हंसते प्राणों की आहुति दी है। पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने कहा कि यह यात्रा जन-आंदोलन का रूप ले चुकी है। इस दौरान पूर्व विधायक बाकेलाल सोनकर, नागेश्वर पांडेय, पंकज मिश्रा, राज पटेल ,परविंद चौहान, अमित श्रीवास्तव, विनय सिंह मौजूद रहे।