कोसीकलां। सोमवार को सीबीएसई कक्षा 12वीं के छात्रों के लिए गणित विषय की परीक्षा आयोजित की गई। छात्रों ने पेपर को आसान बताया, किसी को कुछ सवाल थोड़ा मुश्किल लगे। छात्रों ने कहा कि पूरा पेपर एनसीईआरटी पर ही आधारित था। जो भी स्कूल में पढ़ा, सब उसी में पूछा गया। हालांकि कुछ छात्रों का कहना था कि बहुविकल्पीय प्रश्न ने थोड़ा परेशान किया।
सिटी कोआर्डिनेटर शैलेंद्र सिंह ने बताया जनपद के 30 परीक्षा केंद्रों पर 12वीं के पेपर में 4902 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इसमें से 4810 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए इसके साथ ही 92 ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं दसवीं की परीक्षा के लिए नगर में एमडी जैन पब्लिक स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर और विद्या देवी जिंदल स्कूल परीक्षा केंद्र पर आदर्श विद्या मंदिर, जवाहर नवोदय विद्यालय, एसपीएस अकेडमी, मार्डन इंटरनेशनल अकेडमी, एडीपी अकेडमी में 940 ने परीक्षा दी। एमडी जैन में केंद्र व्यवस्थापक डाॅ. नरेंद्र शर्मा के अलावा सीसीटीवी से भी निगरानी की गई।
परीक्षा खत्म होने के बाद जब बच्चे बाहर निकले, तो हर छात्रों के चेहरे पर अलग-अलग भाव देखने को मिले। ज्यादातर छात्रों का कहना था कि पेपर ठीक-ठाक रहा है. कुछ ने तो कहा कि पेपर में दो-तीन प्रश्न दिमाग के ऊपर से ही चला गया है। तंवी ने मुस्कुराते हुए कहा कि जो पढ़ा था, उसी के आसपास ज्यादातर सवाल आए थे। इसलिए उन्हें उम्मीद है कि उनका अच्छा प्रतिशत आएगा। वहीं सक्ष्म, राहुल अग्रवाल, विक्रम, रंजना ने कहा कि कुछ सवाल थोड़ा उलझाने वाले जरूर थे, लेकिन उन्होंने धैर्य से हल कर लिए और अब उन्हें भरोसा है कि वह आराम से पास हो जाएंगे।