Uk: तेंदुआ हमला... महिला की मौत पर ग्रामीणों ने लगाया जाम, डीएफओ और सीडीओ के आश्वासन पर माने लोग
अल्मोड़ा के खोल्यो क्यारी गांव में जंगल में घास काटने गई एक वृद्ध महिला को तेंदुए ने मार दिया। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने रामनगर रोड पर दानापानी के पास दो घंटे तक जाम लगा दिया। इस दौरान डीएफओ दीपक कुमार और सीडीओ रामजी शरण शर्मा पहुंचे।
विस्तार
अल्मोड़ा के खोल्यो क्यारी गांव में जंगल में घास काटने गई एक वृद्ध महिला को तेंदुए ने मार दिया। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने रामनगर रोड पर दानापानी के पास दो घंटे तक जाम लगा दिया। इस दौरान डीएफओ दीपक कुमार और सीडीओ रामजी शरण शर्मा पहुंचे। वार्ता के बाद ग्रामीणों ने जाम खोला।
बुधवार शाम लगभग पांच बजे खोल्यो क्यारी निवासी कुछ महिलाएं गांव से एक किलोमीटर दूर जंगल में घास काटने गईँ थीं। तभी बचुली (60) पत्नी खुशाल सिंह पर तेंदुए ने हमला कर दिया। घटना स्थल से करीब 200 मीटर दूर जंगल में उसका शव मिला। ग्रामीणों के अनुसार तेंदुए ने महिला के कूल्हे का बड़ा हिस्सा खा लिया था, जबकि एक हाथ भी बुरी तरह जख्मी था। डीएफओ दीपक सिंह ने बताया कि गांव से एक किमी दूरी पर घास काटने गई बचुली देवी की तेंदुए के हमले से मौत हो गई थी। घटनास्थल के पास टीम ने तेंदुए को पकड़ने के लिए तीन पिंजरे लगा दिए हैं। लोगों को अपनी सुरक्षा का ध्यान रखने को कहा गया है। इसके अलावा टीम को लगातार क्षेत्र में गश्त करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने सौंपा छह लाख का चेक
तेंदुए के हमले में मारी गईँ बचुली के पति खुशाल सिंह को प्रशासन की ओर से छह लाख रुपये का चेक सौंपा गया। वन विभाग और प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने को कहा है।
14 तेंदुए हो चुके हैं कैद
जिले में तेंदुए की हमले लगातार बढ़ रहे हैं। वन विभाग के पिंजरे में बीते नवंबर से अब तक 14 तेंदुए कैद हुए हैं। बावजूद इसके जिले में तेंदुओं की दहशत कम नहीं हो रही है। वन विभाग की टीम तेंदुए की सक्रियता को लेकर लगातार कार्रवाई कर रही है। फिर भी तेंदुए गौशाला में घुस कर कई पालतू जानवरों का अपना निवाला बना रहे हैं।

कमेंट
कमेंट X