Champawat: पहल... शादी समारोह में शराब परोसी तो लगेगा जुर्माना, ग्रामीणों की बैठक में लिया गया निर्णय
राईकोट कुंवर गांव में ग्रामीणों ने शादी, विवाह आदि आयोजनों में कॉकटेल पार्टी और शराब परोसने वालों पर जुर्माना लगाने का फैसला लिया। यह निर्णय ग्रामीणों ने गांव के विकास के लिए एकमत होकर लिया है।
विस्तार
विकास खंड लोहाघाट के राईकोट कुंवर गांव में शादी, विवाह आदि अवसरों पर कॉकटेल पार्टी के नाम पर शराब नहीं परोसी जाएगी। शराब परोसने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। यह निर्णय ग्रामीणों ने गांव के विकास के लिए एकमत होकर लिया।
बृहस्पतिवार को राईकोट कुंवर में प्रधान सरोज कुंवर की अध्यक्षता में गांव के होली प्रांगण में बैठक का आयोजन किया गया। गिरीश कुंवर के संचालन में लोगों ने गांव को नशे से दूर रखने का निर्णय लिया। तय किया गया कि गांव में होने वाले शादी-विवाह आदि कार्यों के दौरान गांव में कोई भी व्यक्ति शराब का ओपन बार नहीं लगाएगा। यदि कोई व्यक्ति खुले स्थानों पर शराब का सेवन करता है तो उस पर 10 हजार रुपये तक जुर्माना लगेगा। गांव के अंदर जुआ खेलने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। शादी-विवाह, जनेऊ, नामकरण आदि कार्यों में सार्वजनिक बर्तन ले जाने पर 1100 रुपये देने होंगे जो गांव के विकास कार्यों में खर्च होंगे।
शादी विवाह, नामकरण आदि कार्यों में कोई भी व्यक्ति घर खाना नहीं ले जाएगा जिसे निमंत्रण होगा वह आयोजन स्थल पर ही भोजन करेगा।
बैठक में बीडीसी सदस्य उमा देवी, अंकित कुवंर, प्रदीप सिंह कुंवर, महिराज सिंह कुंवर, उमेद सिंह कुंवर, महेंद्र सिंह कुंवर, जगदीश सिंह कुंवर, लक्ष्मण सिंह कुंवर, अर्जुन सिंह कुंवर, प्रकाश सिंह कुवर, विजय कुंवर, रवी कुंवर, राजू कुंवर, जीवन सिंह, निर्मल सिंह, मुकेश सिंह, नरेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।