जल संस्थान शिविर में बवाल: पूर्व बीडीसी सदस्य पर हमला करने के आरोप में वर्तमान बीडीसी पर FIR
हल्द्वानी के रानीबाग क्षेत्र में जल संस्थान के शिविर में पहुंचे पूर्व बीडीसी सदस्य पर हमला कर दिया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज आरोपी बीडीसी मेंबर संदीप राणा और उसके भाई संतोष राणा को हिरासत में ले लिया।
विस्तार
हल्द्वानी के रानीबाग स्थित प्रतापगढ़ी में जल संस्थान के शिविर में पहुंचे पूर्व बीडीसी सदस्य महेश सिंह पर हमला कर दिया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज आरोपी बीडीसी मेंबर संदीप राणा और उसके भाई संतोष राणा को हिरासत में ले लिया। बृहस्पतिवार को संदीप को जेल भेजने की मांग करते हुए महेश की समर्थक महिलाओं ने पुलिस बहुउद्देशीय भवन में धरना दिया।
काठगोदाम एसओ विमल मिश्रा ने बताया कि चौहानपाटा रानीबाग निवासी महेश सिंह की तहरीर के अनुसार उन्हें बुधवार दोपहर करीब 12 बजे सहायक अभियंता मोहन सिंह रावत ने फोन कर भगवती बिष्ट के आवास पर लगे जल संस्थान के शिविर बुलाया था। एई के अनुसार शिविर में संदीप राणा और संतोष राणा कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार कर रहे थे।
महेश का आरोप है कि जब वह शिविर में पहुंचे तो संतोष राणा ने उन्हें पीछे से पकड़ लिया और संदीप ने जान से मारने की मंशा से उनके सिर पर डंडा मार दिया। दूसरा डंडे का वार उनकी आंख के पास लगा जिससे उनकी आंख फूटते-फूटते बची। बीच बचाव के दौरान भगवती बिष्ट और धीरज बिष्ट को घायल कर दिया गया। तहरीर के आधार पर संदीप राणा और संतोष राणा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
काठगोदाम थाने पहुंचीं महिलाएं
महेश सिंह के समर्थन में बृहस्पतिवार को उनके समर्थक काठगोदाम थाने पहुंचे और घेराव किया। उन्होंने आरोपियों को जेल भेजने की मांग की। यहां से समर्थक पुलिस बहुउद्देशीय भवन पहुंचे और आधा घंटा धरना दिया। देर शाम बीडीसी संदीप राणा के समर्थक भी काठगोदाम थाने पहुंचे और पूर्व प्रधान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।