{"_id":"6a79418c2b7e1171850afab5","slug":"heavy-rain-wreaks-havoc-from-champawat-to-kashipur-uttarakhand-2026-08-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Uttarakhand Weather: चंपावत से काशीपुर तक भारी बारिश का कहर, सरयू उफान पर; स्कूली बच्चों को हुई दिक्कत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Uttarakhand Weather: चंपावत से काशीपुर तक भारी बारिश का कहर, सरयू उफान पर; स्कूली बच्चों को हुई दिक्कत
Mon, 10 Aug 2026 08:42 AM IST
Heera
अमर उजाला नेटवर्क, नैनीताल
अमर उजाला नेटवर्क, नैनीताल
Published by: Heera
Updated Mon, 10 Aug 2026 08:42 AM IST
सार
चंपावत में मौसम विभाग के ओरेंज अलर्ट के बाद सोमवार सुबह चार बजे से भारी बारिश शुरू हो गई, जिससे स्कूल जा रहे बच्चों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं, काशीपुर में भी सुबह से रिमझिम बारिश जारी है।
विज्ञापन
काशीपुर में सुबह से हो रही है रिमझिम बारिश।
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंपावत जनपद में मौसम विभाग के ओरेंज अलर्ट के बाद सोमवार सुबह चार बजे करीब से बारिश शुरू हो गई। लगातार जारी बारिश के चलते स्कूल जा रहे बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पिछले कुछ दिनों से लगातार अलर्ट जारी हो रहा था। बारिश से हल्की ठंड का एहसास भी है। वहीं, काशीपुर में आज सुबह से रिमझिम बारिश हो रही है।
विज्ञापन
लगातार बारिश से सरयू का जलस्तर बढ़ा
बागेश्वर जिले में सुबह से ही मूसलाधार बारिश का दौर लगातार जारी है। बीते 24 घंटों में दर्ज बारिश के आंकड़ों के अनुसार जनपद में औसतन 18 मिमी वर्षा हुई है, जिसमें कपकोट तहसील क्षेत्र में सर्वाधिक 34 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं बागेश्वर में 13 मिमी और गरुड़ में 7 मिमी वर्षा मापी गई है।
विज्ञापन
लगातार हो रही बारिश के चलते नदियों के जलस्तर में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। बागेश्वर में सरयू नदी का जलस्तर बढ़कर 866.90 मीटर पर पहुंच गया है और इसके लगातार बढ़ने का रुझान बना हुआ है। हालांकि, सरयू नदी अभी चेतावनी स्तर (869.70 मीटर) और खतरे के निशान (870.60 मीटर) से नीचे बह रही है। दूसरी ओर, गोमती नदी का जलस्तर 863.55 मीटर पर स्थिर बना हुआ है। गरुड़ स्थित बैजनाथ बैराज में पोंड लेवल 1113.20 मीटर दर्ज किया गया, जहां से 949.72 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है।
विज्ञापन
मौसम के तल्ख तेवरों और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड पर है। छात्रों की सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने सोमवार को जनपद के सभी 12वीं तक के शासकीय, निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों और संवेदनशील इलाकों के निवासियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पिथौरागढ़ में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिला मुख्यालय में 40, बेड़ीनाग में 57.3, मुनस्यारी में 14.4, बंगापानी में 43, गणाई गंगोली में 35, देवलथल में 65 एमएम बारिश रिकार्ड की गई। वहीं बारिश के बाद मलबा और बोल्डर गिरने से चीन सीमा को जोड़ने वाली दोनों प्रमुख धारचूला-लिपुलेख, मुनस्यारी मिलम सहित 22 सड़कें बंद हैं। इन सड़कों पर आवाजाही थमने बड़ी आबादी के साथ ही सुरक्षा कर्मियों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
काशीपुर में झमाझम बारिश, जलभराव
काशीपुर में सुबह पांच बजे से शुरू हुई झमाझम बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बारिश के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मोहल्ला कटोराताल व कूर्मांचल कॉलोनी में बारिश से हुए जलभराव का पानी लोगों के घर में घुस गया। बारिश कम होने के बाद लोग अपने घरों से पानी को बाहर निकालने में जुटे रहे।