UK: नैनीताल में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, नौ सड़कें बंद; 24 घंटे में 37 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड
नैनीताल जिले में पिछले 24 घंटों से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। भूस्खलन और मलबा आने के कारण एक राज्य मार्ग सहित 8 ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं। संबंधित विभागों ने सड़कों को बहाल करने के लिए कार्य शुरू कर दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नैनीताल जिले में पिछले 24 घंटों की भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। एक राज्य मार्ग सहित आठ ग्रामीण सड़कें भूस्खलन और मलबा आने के कारण बंद हो गई हैं। संबंधित विभागों की ओर से मार्गों को खोलने का कार्य जारी है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार, हल्द्वानी में सर्वाधिक 75 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। नैनीताल में 37 मिमी और कालाढूंगी में 40 मिमी बारिश हुई है। गर्जिया-बेतालघाट-भटेलिया राज्य मार्ग (एसएच-62) टोटाम के पास अवरुद्ध है। छीड़ाखान-अधौड़ा-अमजड़ और स्यूडा-कौंता-ककोड़-हरीशताल ग्रामीण सड़क बंद हैं। लोहाली जौरासी, मोरनौला-भीड़ापानी और खनस्यूं टांडा, खुजेटी-भोनरा, भद्यूनी और अंबेडकर ग्राम-रिखोली मार्ग अवरुद्ध हैं। जिला प्रशासन ने सभी बाधित मार्गों को जल्द खोलने के निर्देश दिए हैं।
दो महीने में 545.20 मिमी औसत बारिश दर्ज
कोसी बैराज में 1,824 क्यूसेक और गौला बैराज में पानी का प्रवाह 1,134 क्यूसेक दर्ज किया गया है। नंधौर में 198.30 क्यूसेक पानी बह रहा है। प्रशासन के अनुसार तीनों बैराजों का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है। एक जून से अब तक जिले में औसत बारिश 545.20 मिमी दर्ज की गई है।
झील में उठीं ऊंची लहरें, दो घंटे रोका गया नौकायन
नैनीताल में मौसम खराब होने और तेज हवाओं के चलते पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नैनी झील में नौकायन रोक दिया गया। दोपहर करीब एक बजे अचानक शुरू हुए तेज हवाओं के कारण झील में लहरें उठने लगी थीं जिसमें नौकायन सुचारु रखना मुश्किल था। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने तुरंत एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे से दोपहर तीन बजे तक करीब दो घंटे के लिए बोटिंग बंद रही। इस दौरान झील में मौजूद सभी नौकाओं को सुरक्षित बुला लिया गया। दोपहर तीन बजे के बाद मौसम सामान्य होने पर नौकायन दोबारा सुचारु किया गया।