Uk: पागल होने से तो मरना अच्छा...सुसाइड नोट लिखकर फंदे पर झूल गई महिला; नौ महीने पहले पति ने भी की थी खुदकुशी
हल्द्वानी के जज फार्म क्षेत्र में 43 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से लटका मिला। मौके से मिले सुसाइड नोट के अनुसार विमला अवसाद में थी।
विस्तार
हल्द्वानी के जज फार्म में बृहस्पतिवार सुबह विमला सती (43 वर्ष) का शव मकान के भूतल में पंखे से लटका मिला। मौके से मिले सुसाइड नोट के अनुसार विमला अवसाद में थी। उनके पति कौशल कुमार सती ने भी जून 2025 में टांडा जंगल में आत्महत्या की थी।
भिकियासैंण निवासी कौशल कुमार सती अपनी मां शीला सती, पत्नी विमला और बेटे दक्ष के साथ दस साल से हरिशंकर जोशी के मकान में किरायेदार थे। दो जून 2025 में प्रॉपर्टी डीलर कौशल कुमार सती ने आत्महत्या कर ली। इसके बाद से उनकी पत्नी विमला अवसाद में थीं। ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाले मकान मालिक हरिशंकर जोशी जब बाहर जाते तो अपने फ्लोर की चाबी विमला को दे देते थे।
पुलिस के अनुसार बुधवार रात विमला बेटे के साथ कमरे में सो गईं। सुबह जब दक्ष ने अपनी मां को नहीं देखा तो उन्हें तलाशने लगा। इस दौरान पड़ोसी भी आ गए। उन्हें भूतल के कमरे की खिड़की से विमला का शव दिखा जो पंखे से चुनरी के फंदे पर लटका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव उतारा। कमरे से सुसाइड नोट भी मिला है। एसओ सुशील जोशी ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत का कारण सामने आएगा।
पागल होने से तो मरना अच्छा
पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है। इसमें विमला ने लिखा है कि अपनी मौत के लिए वह खुद जिम्मेदार है। अगर जिंदा रही तो पागल हो जाएगी। पागल होने से तो मरना अच्छा है।
नवमी को आने वाले थे मकान मालिक
हरिशंकर जोशी परिवार के साथ नवमी पूजन के लिए शुक्रवार को आने वाले थे। अब वह सहमे हुए हैं। जिस कमरे में घटना हुई वह कमरा हरिशंकर जोशी के बेटे का है जो इस समय हैदराबाद में है।
कौशल की मौत के बाद सभी ने सहयोग किया
कौशल की मौत के परिवार के लिए सभी ने सहयोग किया। मकान मालिक के साथ ही विमला के भाई व अन्य लोगों ने पूरी मदद जारी रखी। स्कूल ने भी बेटे का फीस में रियायत दी। हर कोई परिवार के साथ खड़ा। पहले पिता और अब मां की मौत के बाद मासूम दक्ष गुमसुम हो गया है। अब उसकी परवरिश की जिम्मेदारी बूढ़ी दादी पर आ गई है।
एक महिला की मौत की जानकारी सामने आई है। प्रथम दृष्टया सुसाइड का मामला लग रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। - डॉ. मंजुनाथ टीसी, एसएसपी