नैनीताल: लोअर मॉल रोड निर्माण में देरी पर धरना चौथे दिन भी जारी, व्यापार मंडल अध्यक्ष ने धारण किया मौन
नैनीताल के लोअर मॉल रोड के निर्माण एवं मरम्मत कार्य में देरी को लेकर नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन का धरना चौथे दिन भी जारी रहा। चौथे दिन उन्होंने कुछ घंटों के लिए मौन धारण किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नैनीताल शहर के लोअर मॉल रोड का निर्माण एवं मरम्मत कार्य में देरी को लेकर नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन का धरना चौथे दिन भी जारी रहा। चौथे दिन उन्होंने कुछ घंटों के लिए मौन धारण भी किया। वहीं लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को पत्र लिख कर नंदा देवी डोले के लिए मार्ग को सुचारु करने की मांग उठाई।
लोअर मॉल रोड का निर्माण कार्य धीमी गति से होने और विभागीय लापरवाही के विरोध में मां नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन चार दिन से धरने पर बैठे हैं। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि मॉलरोड का अधूरा कार्य आगामी नंदा देवी महोत्सव को प्रभावित कर सकता है। कहा कि मां नंदा-सुनंदा का डोला अपने पारंपरिक मार्ग से निकलता है जिसमें निर्माणाधीन लोअर माल रोड का हिस्सा भी शामिल है। डोला 23 सितंबर को प्रस्तावित है। मांग की गई है कि डोले से पूर्व इस मार्ग को हर हाल में सुरक्षित, साफ और सुचारू स्थिति में लाया जाए, ताकि ऐतिहासिक एवं धार्मिक यात्रा में किसी प्रकार का व्यवधान न हो।
23 सितंबर से पैदल आवाजाही की तैयारी
लोअर मालरोड को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच लोक निर्माण विभाग ने अब नई समय सीमा सामने रखी है। अधीक्षण अभियंता राजेश कुमार पंत ने व्यापार मंडल को भेजे पत्र में स्पष्ट किया है कि माइक्रोपाइलिंग और आरसीसी स्लैब का काम पूरा कर 10 अक्टूबर तक लोअर मालरोड को यातायात के लिए खोलने का पूरा प्रयास किया जाएगा। वहीं, मां नंदा देवी के डोले को देखते हुए 23 सितंबर से पहले सीमित पैदल यात्रियों के लिए मार्ग सुरक्षित रूप से खोलने की तैयारी की जा रही है।
विभाग ने देरी के लिए तकनीकी परिस्थितियों, डिजाइन में बदलाव और अतिरिक्त कार्यक्षेत्र को मुख्य कारण बताया है। पत्र में व्यापार मंडल से धरना समाप्त कर कार्य में सहयोग करने की अपील भी की गई है। पत्र मिलने के बाद पुनीत टंडन ने कहा कि उनको लिखित आश्वासन मिल गया है, वह अनशन पर नहीं बैठेंगे, लेकिन धरना जारी है, सहयोगियों से वार्ता कर आगे की योजना बनाई जाएगी।