Haldwani: 203 ग्राम स्मैक के साथ रुद्रपुर की महिला तस्कर गिरफ्तार, एसओजी और पुलिस ने पकड़ा
हल्द्वानी पुलिस और एसओजी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर निवासी एक महिला को 203 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।
विस्तार
हल्द्वानी में पुलिस और एसओजी ने बुधवार दोपहर रुद्रपुर-हल्द्वानी हाईवे पर बेलबाबा के पास रुद्रपुर की कनिका को गिरफ्तार किया। उसके पास से 203 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। दो साल में ये सबसे बड़ी बरामदगी है। बिलासपुर के तस्कर से लाई गई स्मैक को हल्द्वानी में खपाने की तैयारी थी। महिला को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने बृहस्पतिवार को प्रेसवार्ता में बताया कि मुखबिर की सूचना पर बुधवार दोपहर पौने तीन बजे पुलिस और एसओजी ने बेलबाबा स्थित बैरियर के पास संयुक्त चेकिंग की। यहां संदिग्ध रूप से खड़ी महिला से पूछताछ की गई तो उसने अपना नाम कनिका (40 वर्ष) निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैंप जिला ऊधम सिंह नगर बताया।
महिला कांस्टेबल ने तलाशी ली तो उसके पास से 203 ग्राम स्मैक मिली। एसएसपी ने स्मैक पकड़ने वाली टीम को 2500 रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की। इसके साथ ही एसओजी के कुंदन कुमार को मैन ऑफ द मंथ से पुरस्कृत करने की बात कही।
बिलासपुर के फारूख की तलाश
पूछताछ में महिला ने बताया कि वह स्मैक रामपुर (यूपी) के बिलासपुर निवासी फारूख से लेकर आई है। पुलिस ने फारूख के लिए जाल बिछा दिया है। उसके पकड़े जाने के बाद स्मैक तस्करी की पूरी चेन सामने आएगी।
बनभूलपुरा में करनी थी डिलीवरी
कनिका लंबे समय से स्मैक तस्करी से जुड़ी है लेकिन पहली बार पुलिस की पकड़ में आई है। उसका पति पेंटर है और मजदूरी करता है। कनिका ने बताया कि उसे ये स्मैक बनभूलपुरा में डिलीवर करनी थी।
निदान पोर्टल पर अपडेट होगी तस्करी
केंद्र सरकार ने निदान पोर्टल बनाया है। देश के किसी भी राज्य की पुलिस नशीले सामान की बरामदगी करेगी तो उसे निदान पोर्टल पर अपडेट करना होगा। यह मामला भी कमर्शियल तस्करी से जुड़ा है। इसकी डिटेल इसमें दर्ज होने के बाद अगली कार्रवाई होनी है। इसमें तस्करी से बनाई गई संपत्ति के जब्तीकरण व अन्य कार्रवाई भी की जा सकती है।