सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Rudraprayag News ›   Gas has not reached the Kedarghati area for two weeks, and queues remain in Agastyamuni.

Rudraprayag News: केदारघाटी क्षेत्र में दो सप्ताह से नहीं पहुंची गैस, अगस्त्यमुनि में लगी रही लाइन

संवाद न्यूज एजेंसी, रुद्र प्रयाग Updated Fri, 13 Mar 2026 05:45 PM IST
विज्ञापन
Gas has not reached the Kedarghati area for two weeks, and queues remain in Agastyamuni.
रुद्रप्रयाग अगस्त्यमुनि में सिलिंडर के लिए एजेंसी के बाहर लगी भीड़ - संवाद
विज्ञापन
गैस किल्लत : उपभोक्ताओं की बढ़ी परेशानी, लोगों ने गैस की सुचारु आपूर्ति की उठाई मांग
Trending Videos

संवाद न्यूज एजेंसी
गुप्तकाशी/जखोली/अगस्त्यमुनि। केदारघाटी क्षेत्र में करीब दो सप्ताह से इंडेन गैस का सप्लाई वाहन नहीं पहुंचने से उपभोक्ताओं में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों देश में गैस संकट की चर्चाओं के बीच दूरदराज के पहाड़ी क्षेत्रों में लोग पहले से ही चिंतित हैं। ऐसे में दो सप्ताह से गैस सप्लाई न पहुंचने से उपभोक्ताओं की दिक्कतें बढ़ गई हैं। वहीं अगस्त्यमुनि स्थित आनंद इंडेन गैस एजेंसी में गैस सिलिंडर लेने के लिए लोगों की लाइन लगी रही।
केदारघाटी के फाटा गांव के जगत सिंह रमोला और अशोक सेमवाल ने बताया कि पहले इंडेन गैस की सप्लाई तय समय पर हो जाती थी लेकिन पिछले दो हफ्तों से वाहन नहीं पहुंचा है। उन्होंने गैस की आपूर्ति पूर्व की तरह नियमित करने की मांग की है। इधर जखोली विकासखंड के अंतर्गत जैली, कंडाली, मुसडुंग कुमड़ी, बुडोली आदि गांवों में भी विगत दो माह से रुद्रप्रयाग एजेंसी की गैस नहीं पहुंची है। वहीं अगस्त्यमुनि एजेंसी की ओर से भी फरवरी में इन क्षेत्रों में सिलिंडर नहीं बांटे गए हैं। ग्रामीण राकेश सिंह ने बताया कि लंबे समय से गैस न आने के कारण सिलिंडर खाली हैं। वहीं अगस्त्यमुनि स्थित आनंद इंडेन गैस एजेंसी में शुक्रवार को गैस सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लाइन लगी रही। उन्हें गैस के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। एजेंसी प्रबंधक रॉबिन चौधरी ने बताया कि पंजीकृत मोबाइल नंबर पर ओटीपी के बाद ही नकद भुगतान लेकर सिलिंडर दिया जा रहा है। एजेंसी की ओर से फिलहाल घरेलू सिलेंडर ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं कमर्शियल सिलिंडर नहीं हैं। उपभोक्ता आनंद प्रकाश बछेती ने बताया कि पहले गैस सिलेंडर की कीमत 888.50 रुपये थी जो अब बढ़कर 948.50 रुपये हो गई है जिससे आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ा है। वहीं कई उपभोक्ताओं ने ओटीपी में देरी और ई-केवाईसी न होने के कारण गैस लेने में दिक्कत आने की बात भी कही। इधर एजेंसी की ओर से शुक्रवार को तिमली, चाका, जखनियाल गांव, बेड़ासारी गांव में भी गैस सिलिंडरों का वितरण किया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन



गैस की कालाबाजारी रोकने को सात टीमें गठित
रुद्रप्रयाग। एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए सात टीमें गठित की गई हैं। वहीं सोशल मीडिया अफवाहों पर भी नियंत्रण रहे इसके लिए पुलिस को निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर इसके लिए जनपद स्तर पर सात छापामारी टीमों का गठन किया गया है। निगरानी के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय कर दिया गया है। अपर जिलाधिकारी को जनपद स्तर पर नोडल अधिकारी तथा सभी उपजिलाधिकारियों को तहसील स्तर पर नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

एलपीजी व पेट्रोल की कमी होने पर लकड़ी उपलब्ध कराएं : डीएम
रुद्रप्रयाग। आगामी चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना और पेट्रोल व एलपीजी में संभावित कमी को देखते हुए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय सभागार में वन विभाग, वन निगम के अधिकारियों और होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर चर्चा की। जिलाधिकारी ने कहा कि एलपीजी की कमी होने की स्थिति में होटल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान इंडक्शन चूल्हों का उपयोग कर सकते हैं। आवश्यकता पड़ने पर कोयला और लकड़ी को भी वैकल्पिक ईंधन के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है। जिलाधिकारी ने वन विभाग और वन निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जरूरत पड़ने पर होटल एसोसिएशन को नियमानुसार लकड़ी उपलब्ध कराएं। संवाद

व्यावसायिक दुकानों से 22 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त
रुद्रप्रयाग। जिला प्रशासन की टीमों ने शुक्रवार को विभिन्न बाजारों में छापा मारा। इस दौरान घोलतीर और सुमेरपुर क्षेत्र में व्यावसायिक दुकानों से करीब 22 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए गए। प्रशासन ने बताया कि घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित सिलिंडरों का इस्तेमाल व्यावसायिक कार्यों में किया जा रहा था। इस दौरान पूर्ति निरीक्षक पीबी सती, पूर्ति निरीक्षक सीएम बरमोला, वीरेंद्र सिंह नेगी, एचएस रावत तथा थानाध्यक्ष रुद्रप्रयाग सुरेश बलूनी आदि मौजूद रहे।
वहीं मुख्यालय स्थित होटल संचालकों धीरज सिंह, कमल सिंह और सावन सिंह आदि का कहना है कि व्यवसायिक सिलिंडर गोदाम पर नहीं मिल रहे हैं। वहीं ओटीपी जनरेट न होने के कारण सिलिंडर खाली पड़े हैं। चारधाम के कपाट खुलने से पहले पर्यटक पहुंचने लगे हैं। ऐसे में एक सिलिंडर महज 8-10 दिन चलता है। अनुपलब्धता की वजह से रोजगार का संकट हो जाएगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ सिलिंडर नहीं मिल रहा और दूसरी तरफ प्रशासन का डंडा। ऐसे में कैसे हम होटल चला पाएंगे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed