Almora: सर्वर डाउन होने से नहीं हो रही ऑनलाइन बुकिंग, एजेंसी कार्यालय में कतार; लोग परेशान
अल्मोड़ा में सर्वर डाउन होने से ऑनलाइन एलपीजी गैस बुकिंग ठप हो गई है जिससे उपभोक्ताओं को एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं और रसोई गैस के लिए परेशानी बढ़ गई है।
विस्तार
अल्मोड़ा में सर्वर डाउन होने के कारण एलपीजी गैस बुकिंग में व्यापक समस्या आ रही है। ऑनलाइन बुकिंग न होने के कारण लोगों को एजेंसियों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। इससे रसोई गैस के लिए लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पश्चिम एशिया में छिड़ी जंग का असर अल्मोड़ा में भी दिखने लगा है। गैस सिलिंडर रिफिल कराने के लिए लोग बृहस्पतिवार को दिनभर बुकिंग के लिए परेशान रहे। सर्वर डाउन होने का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ा। उपभोक्ता मोबाइल नंबर लगाते रहे लेकिन बुकिंग नहीं हो पाई। इससे परेशान लोग चौघानपाटा स्थित इंडेन गैस एजेंसी में पहुंचे और गैस बुकिंग न होने की शिकायत की। एक उपभोक्ता ने कर्मचारी को बताया कि कई बार प्रयासों के बावजूद बुकिंग नहीं हो पा रही है। उन्होंने कर्मचारी के सामने ही बुकिंग के लिए मोबाइल नंबर लगाया तो नहीं लगा। इस पर कर्मचारी और उपभोक्ता के बीच तीखी बहस हो गई। उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस बुक करने में दिक्कत आ रही है। ऐसे में लोग एजेंसियों की दौड़ लगा रहे हैं लेकिन वहां भी समाधान नहीं निकल रहा है। लोगों का कहना है कि जब बुकिंग ही नहीं हो रही तो सिलिंडर कैसे मिलेगा।
सुनौली व हड़ोली के ग्रामीणों को नहीं मिली घरेलू गैस
सर्वर डाउन होने के कारण ताकुला विकासखंड के सुनौली व हड़ोली के ग्रामीणों को रसोई गैस नहीं मिली। सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वर जोशी ने बताया कि उन्होंने 11 मार्च की सुबह ऑनलाइन गैस बुकिंग की। मैसेज पर डीएससी नंबर भी मिल गया लेकिन जब गैस लेने गए तो उन्हें बताया गया कि सर्वर डाउन होने के कारण बुकिंग रिकॉर्ड नहीं दिखाई दे रहा है। इसी तरह हड़ोली के तारा दत्त डंगवाल ने बताया कि वह व उनके गांव के हरिश्चंद्र जोशी, घनश्याम जोशी, राजेंद्र जोशी, रमेश जोशी, राजेंद्र भाकुनी सहित दर्जनों लोग गैस सिलिंडर लेकर सड़क पर इंतजार करते रहे लेकिन उन्हें गैस नहीं मिल पाई।
काॅमर्शियल गैस सिलिंडरों की डिलीवरी ठप, उपभोक्ता परेशान
काॅमर्शियल गैस सिलिंडरों की डिलीवरी पर रोक से जिले के 2262 उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है। गैस की आपूर्ति नहीं होने की वजह से होटल और रेस्टोरेंट स्वामियों को चिंता सता रही है। उनका कहना है कि गैस नहीं होने की वजह से उनके प्रतिष्ठानों पर ताले लटकने की नौबत आ सकती है। इधर, जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए एहतियात के तौर पर व्यावसायिक गैस सिलिंडरों की डिलीवरी पर अस्थायी रूप से रोक लगाई गई है ताकि घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जा सके।
कंट्रोल रूम स्थापित किया, फोन नंबर किए जारी
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने बताया कि किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने एक आपातकालीन कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिया है। किसी भी प्रकार की गैस आपूर्ति संबंधी शिकायत दर्ज कराने, उक्त विषय से संबंधित किसी भी सूचना व स्थिति पर सतत निगरानी रखने के लिए कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05962-237875, 05962-237874 व मोबाइल नंबर +91 79004 33294 जारी किए गए हैं।
सर्वर डाउन होने से ऑनलाइन गैस बुकिंग नहीं हुई। चौघानपाटा स्थित गैस एजेंसी कार्यालय आकर इसकी शिकायत की लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। -कमलेश पांडे, सरकार की आली
ऑनलाइन बुकिंग न होने से परेशानी हो रही है। गैस एजेंसी कार्यालय आकर समस्या बताई लेकिन समाधान नहीं निकला। बुकिंग न होने पर गैस सिलिंडर नहीं मिलेगा जिससे परेशानी होगी। -रणजीत सिंंह भंडारी, ढूंगाधारा
बुकिंग नंबर पर कॉल किया लेकिन कॉल कनेक्ट नहीं हुआ। ऑनलाइन बुकिंग न होने पर गैस कार्यालय पहुंचे तो वहां से भी निराश होकर लौटना पड़ा। -पूरन सिंह, खत्याड़ी
कई बार प्रयासों के बावजूद ऑनलाइन बुकिंग नहीं हुई। गैस सिलिंडर खत्म होने वाला है। ऐसे में घर में खाना बनना मुश्किल हो जाएगा। समस्या का समाधान किया जाए। -गंगा सिंह फर्त्याल, न्यू इंदिरा काॅलोनी खत्याड़ी