Haldwani: दमुवाढूंगा में सुरक्षा दीवार के लिए बवाल, पार्षद और भाजपा नेता भिड़े; साढ़े तीन घंटे चला ड्रामा
हल्द्वानी के दमुवाढूंगा में रकसिया नाले की सुरक्षा दीवार के निर्माण को लेकर पार्षद और भाजपा नेता के बीच विवाद इतना बढ़ा कि मेयर और नगर आयुक्त के सामने ही नोंकझोंक हाथापाई में बदल गई।
विस्तार
हल्द्वानी के वार्ड-36 दमुवाढूंगा स्थित रकसिया नाले में सुरक्षा दीवार निर्माण को लेकर सोमवार को बड़ा विवाद हो गया। मेयर और नगर आयुक्त के सामने ही स्थानीय पार्षद और भाजपा नेता के बीच नोंकझोंक हाथापाई में बदल गई।
यह घटना दोपहर डेढ़ बजे से शाम पांच बजे तक चली। विवाद के बाद दोनों पक्ष काठगोदाम पुलिस चौकी व थाने पहुंचे, कार्रवाई की मांग की। रकसिया नाले की दीवार का काम पिछले सप्ताह से विरोध के कारण रुका था। सोमवार को मेयर गजराज सिंह बिष्ट व नगर आयुक्त परितोष वर्मा मौके पर पहुंचे। इसी दौरान पार्षद तनुजा जोशी और भाजपा नेता महेश जोशी में कहासुनी हुई। मेयर ने उन्हें शांत कराया, पर उनके जाने के बाद विवाद फिर बढ़ गया। पार्षद के समर्थन में अन्य पार्षद भी काठगोदाम थाने पहुंचे।
दोनों पक्षों ने सौंपी तहरीर
पार्षद तनुजा जोशी की ओर से सौंपी गई तहरीर में कहा गया है कि सोमवार को उन्हें भाजपा नेता की प्रिंटिंग प्रेस के पीछे बनाई जा रही सुरक्षा दीवार के निर्माण के संबंध में बुलाया गया था। आरोप है कि इसी बीच भाजपा नेता की बहू वहां पहुंची और उनके साथ अभद्रता की। यह भी आरोप है कि भाजपा नेता के पुत्र ने थाने में भी उनके साथ धक्का-मुक्की की। उनके समर्थन में पहुंची अन्य महिलाओं ने बीच-बचाव किया। वहीं दूसरे पक्ष से हेमा जोशी की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि दोपहर में मेयर, नगर आयुक्त और कार्यदायी संस्था के अधिकारी वार्ड में पहुंचे थे, इसी बीच पार्षद से वार्ता चल रही थी तो उन्होंने सुरक्षा दीवार का काम रोकने का कारण पूछा तो भीड़ के सामने उन्हें थप्पड़ जड़ दिया गया। हेमा ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है।
सोमवार की दोपहर दमुवाढूंगा में दोनों पक्षों के बीच विवाद की सूचना मिली है, इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से पुलिस को तहरीर सौंपी गई है, मामले की जांच की जा रही है।-मनोज कत्याल, पुलिस अधीक्षक सिटी
रकसिया नाले से सुरक्षा को बन रही दीवार का निरीक्षण करने गए थे, यूयूएसडीए को लोगों की मांग के अनुसार सुरक्षा के कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, विवाद की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।-गजराज सिंह बिष्ट, मेयर