Uttarakhand: काशीपुर में हुई 170 मिमी बारिश...जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त, लोगों के मकानों में घुसा पानी
काशीपुर में सोमवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। इस दौरान रिकॉर्ड 170 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिसने नगर निगम और प्रशासन के जल निकासी के तमाम दावों को धो डाला।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
काशीपुर में सोमवार रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस दौरान रिकॉर्ड 170 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई। वहीं बारिश ने नगर निगम और प्रशासन के जल निकासी के तमाम दावे धो डाले। बारिश से शहर की प्रमुख सड़कें, चौराहे और निचले इलाके पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं।
सुबह होते-होते स्थिति यह हो गई कि सड़कों पर कई फीट तक पानी जमा हो गया। बारिश के कारण सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों और अभिभावकों को झेलनी पड़ी। सुबह स्कूल के लिए निकले बच्चे और वाहन चालक जलभराव के बीच से किसी तरह रास्ता पार करते नजर आए। बारिश से मुख्य चौराहा, गेबिया नाला, गौतम नगर नाला, रामनगर रोड नाला, मुख्य बाजार, कटोराताल, पटेल नगर, मुरादाबाद रोड, रेलवे स्टेशन रोड, आर्यनगर, चैती फार्म, महाराणा प्रताप चौक समेत अधिकांश सभी मोहल्लों व कॉलोनियों की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। जलभराव के चलते कई दोपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए जिससे यातायात प्रभावित हुआ। वहीं, रिहायशी इलाकों और बस्तियों में हालात बेहद खराब रहे।
मकानों में घुसा गंदा पानी, सामान हुआ खराब
नाले और नालियां उफान पर होने से बारिश का गंदा पानी दर्जनों मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में घुस गया। लोगों के कमरों तक में पानी भर जाने से घरेलू सामान खराब हो गया। बारिश रुकने के बाद लोग पानी को अपने मकानों से बाहर निकालने में जुटे रहे।
काशीपुर में रात भर मूसलाधार बारिश हुई थी। पूरे क्षेत्र में 170 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। जलभराव होने पर नालियों को खोलने के लिए नगर निगम की टीम जुटी रही। - पंकज चंदोला, तहसीलदार काशीपुर
बिजली घर में घुसा बारिश का पानी, 12 घंटे गुल रही बिजली
मानसून की बारिश ने एक बार फिर मानपुर बिजली घर से जुड़े उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पहले लोग दिनभर बिजली कटौती से परेशान रहे, फिर रात में मानपुर बिजली घर में नाले का पानी घुस जाने से पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी।
मानपुर स्थित 33/11 केवी बिजली घर से सटा लोनिवि का नाला बहता है। बीते सोमवार की देर शाम हुई भारी बारिश से नाला चोक हो गया और नाला ओवर फ्लो होने से उसका पानी ट्रंच रूम में भर गया। इससे रात लगभग 9:30 बजे बिजली गुल हो गई जो मंगलवार लगभग 10 बजे सुचारू हो सकी। बिजली घर के जेई अनिल कुमार ने बताया कि बिजली घर के पास नाले में घास उग आने से नाला चोक हो गया और बिजली घर के अंदर पानी घुस गया था। सुरक्षा के लिहाज से बिजली आपूर्ति को बंद करनी पड़ी। साथ ही इस संबंध में उच्चाधिकारियों को सूचना दी। वहीं बिजली आपूर्ति बाधित होने से मानपुर फीडर से जुड़े हजारों उपभोक्ताओं ने पहले दिनभर बिजली कटौती झेली, इसके बाद पूरी रात अंधेरे में गुजरानी पड़ी। वहीं लोगों ने बताया उनके इन्वर्टर बंद हो गए और पानी के टैंक खाली हो गए। मौके पर मौजूद उपभोक्ताओं का कहना था इस फीडर से किसी भी समय आपूर्ति बंद कर दी जाती है। जब संबंधित अधिकारियों को फोन लगाओ तो वह फोन रिसीव नहीं करते हैं।
उधर, मौके पर पहुंचे क्षेत्र के पार्षद रवि प्रजापति ने बताया निगम प्रशासन को सूचना देकर ट्यूबवैल व जेसीबी मंगवा कर लोनिवि के कच्चे नाले में पानी निकासी सुचारू कराई। इसके बाद बिजली आपूर्ति मंगलवार की सुबह लगभग 10:15 बजे सुचारू हो सकी।
क्या बोला क्षेत्रवासी
मानपुर बिजली घर के पास एक कच्चा नाला जाता है जो कि लोनिवि का है। इसमें घास उग आने से क्षेत्र में जलभराव हो जाता है। इस समस्या से मेयर को अवगत कराया गया है। - रवि प्रजापति, वार्ड-40 कचनालगाजी पार्षद
बिजली घर के पास नाला चोक होने से हम लोगों को बहुत परेशानी होती है। कॉलोनी में पानी घुस जाता है। अकसर बिजली घर में पानी घुसने से सप्लाई भी घंटों बाधित कर दी जाती है। - सतनाम सिंह, निवासी मानपुर रोड
ऊर्जा निगम के अधिकारियों को घंटों सप्लाई बंद होने पर जब फोन करते हैं। तब वह लोग फोन रिसीव नहीं करते हैं। सप्लाई बंद होने से पेयजल की समस्या हो गई। 12 घंटे से अधिक हो गया बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हुई। - सत्यम कुमार, निवासी मानपुर रोड
सोमवार से आज मंगलवार हो गया, दो घंटे भी सही से सप्लाई नहीं आई। ऐसे में घरों में पेयजल की समस्या हो गई है और इनवर्टर तक बैठ गए। रातभर अंधेरे में रहना मजबूरी हो गया। - सोनू, निवासी मानपुर रोड