बेमौसम बारिश का कहर: गेहूं की फसल को हुआ नुकसान, किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें
रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में बेमौसम बारिश ने गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। कटी और खड़ी दोनों फसलें प्रभावित हुई।
विस्तार
रुद्रपुर और आसपास के किसानों के लिए बारिश ने आफत खड़ी कर दी है। खेतों में खड़ी और कटाई के बाद रखी गेहूं की फसल बारिश की भेंट चढ़ गई है। इससे किसानों की छह महीने की मेहनत पर पानी फिर गया है। बारिश के कारण गेहूं की फसल के काला पड़ने की आशंका जताई जा रही है। कटाई का काम भी एक सप्ताह तक खिंच सकता है।
रुद्रपुर के बिगवाड़ा, फाजलपुर, भूरारानी, प्रीतविहार सहित कई क्षेत्रों में गेहूं की फसल को भारी नुकसान हुआ है। जो फसल कटाई के बाद खलिहानों में रखी थी वह भी बारिश में भीग गई है।
किसानों को चिंता है कि इस नमी के कारण गेहूं की गुणवत्ता खराब हो जाएगी जिससे उन्हें बाजार में उचित मूल्य नहीं मिलेगा। बारिश के कारण फसल को सुखाने और फिर से कटाई करने में अतिरिक्त समय और श्रम लगेगा जिससे उत्पादन लागत भी बढ़ जाएगी।
फसल पकने व कटाई के बाद बारिश हानिकारक कृषि विशेषज्ञों के अनुसार गेहूं की फसल के पकने के अंतिम चरण में या कटाई के बाद बारिश का पड़ना हानिकारक है। नमी के कारण गेहूं के दाने पर फफूंदी लग सकती है जिससे उसका रंग काला पड़ जाता है।
किसानों की पीड़ा...
बारिश होने से दोहरी मार पड़ी है। खेतों में आधी फसल कट चुकी है और आधी खड़ी है। कटी फसल के काला पड़ने की आशंका है। बारिश और हुई तो दानों का रंग फीका पड़ जाएगा। - विक्रमजीत सिंह, किसान रुद्रपुर
फसल कटने के बाद बारिश का होना नुकसानदायक है। खेतों में पानी भर गया है। खेतों को सूखने में कम से कम एक सप्ताह का समय लगेगा। फसल अभी काटी तो जड़ों से मिट्टी आने की आशंका होगी। - हीरा सिंह, किसान रुद्रपुर
बारिश से हमारे खेत में गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है। गेहूं पहले ही आधी से गिर चुका है। अब बारिश होने से दोहरी मार पड़ रही है। - गुरुविंदर सिंह, किसान, रुद्रपुर
फाजलपुर में बारिश काफी हुई है। जो गेहूं के लिए अच्छी नहीं है। फसल पहले ही क्षमता के अनुसार नहीं हुई है। अब बारिश से नुकसान झेलना पड़ रहा है। - शारदा नंद, किसान, रुद्रपुर
बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, कटाई पर ब्रेक से किसान संकट में
बेमौसम बारिश ने इस बार सिर्फ फसल को ही नहीं बल्कि पूरे कृषि कार्य को ठप कर दिया है। मंगलवार रात से जारी तेज बारिश के चलते शांतिपुरी क्षेत्र में गेहूं की कटाई पर पूरी तरह ब्रेक लग गया है, जिससे किसान गहरे संकट में आ गए हैं। क्षेत्र में जहां करीब 30 प्रतिशत गेहूं की फसल पहले ही कटकर खेतों और खलिहानों में पड़ी थी वह बारिश में भीगकर खराब होने की कगार पर पहुंच गई है। 70 प्रतिशत खड़ी फसल कटाई के लिए तैयार है लेकिन खेतों में पानी भर जाने के कारण किसान कटाई शुरू नहीं कर पा रहे हैं।