गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। सावन के आखिरी सोमवार के पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा अमरकंटक पहुंचे। उन्होंने मां नर्मदा के उद्गम स्थल पर विधिवत पूजा-अर्चना कर दर्शन किए और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद उपमुख्यमंत्री ने मां नर्मदा के उद्गम स्थल से जल लिया और छत्तीसगढ़ की सीमा पर स्थित स्वयंभू ज्वालेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने नर्मदा जल से भगवान भोलेनाथ का विधिवत जलाभिषेक किया।
सावन के अंतिम सोमवार पर अमरकंटक में सुबह से ही धार्मिक आस्था का विशेष नजारा देखने को मिला। मां नर्मदा के उद्गम क्षेत्र सहित विभिन्न मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और भगवान शिव का जलाभिषेक किया। पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव और मां नर्मदा के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
पढ़ें: 'साय सरकार में 11 लाख से ज्यादा पीएम आवास पूरे': विजय बोले- केंद्र ने लगाई दावों पर मुहर, अफवाह फैला रहे भूपेश
अमरकंटक मां नर्मदा के उद्गम स्थल के साथ भगवान शिव की आराधना के प्रमुख धार्मिक केंद्र के रूप में भी प्रसिद्ध है। सावन के पूरे महीने देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग अमरकंटक पहुंचकर मां नर्मदा और भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते हैं।
सावन के अंतिम सोमवार को ज्वालेश्वर महादेव मंदिर में भी भक्तों की भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के आगमन से स्थानीय श्रद्धालुओं में भी उत्साह नजर आया।
सावन के अंतिम सोमवार पर अमरकंटक से लेकर ज्वालेश्वर महादेव मंदिर तक श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। मां नर्मदा के उद्गम स्थल से जल लेकर भगवान शिव का अभिषेक करने की परंपरा ने इस धार्मिक अवसर को और विशेष बना दिया।