{"_id":"6a91aa3a94ba595f6002d19e","slug":"video-apprentice-worker-and-farmer-die-of-electrocution-in-gohana-sonipat-2026-08-28","type":"video","status":"publish","title_hn":"सोनीपत के गोहाना में करंट लगने से अप्रेंटिसकर्मी और किसान की मौत, परिजनों ने लाइनमैन, जेई और एसडीओ के खिलाफ कराया केस दर्ज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सोनीपत के गोहाना में करंट लगने से अप्रेंटिसकर्मी और किसान की मौत, परिजनों ने लाइनमैन, जेई और एसडीओ के खिलाफ कराया केस दर्ज
मुंडलाना के खेतों में बिजली लाइन का फाल्ट ठीक करने आए अप्रेंटिस कर्मी सौरभ (19) व किसान जोगेंद्र (38) की करंट लगने से मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने बिजली कर्मियों व अधिकारियों पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। किसान जोगेंद्र के पिता बलवान सिंह ने लाइनमैन मोहित, जेई व एसडीओ के खिलाफ सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। निगम प्रशासन ने लाइनमैन व पावर हाउस ऑपरेटर को निलंबित कर दिया है।
मुंडलाना निवासी बलवान सिंह ने बताया कि वह खेती करता है। इस काम में बेटा जोगेंद्र भी सहयोग करता था। खेतों की सिंचाई के लिए उसने ट्यूबवेल लगाया हुआ है। खेत की लाइन में 12 जुलाई को फाल्ट आ गया। इसके लिए उसने बिजली निगम में शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर उसने 26 अगस्त को दोबारा शिकायत दी। शुक्रवार को लाइन का फाल्ट ठीक करने के लिए निगम के लाइनमैन मोहित ने सौरभ को मौके पर भेजा।
ग्रामीणों का आरोप है कि अप्रेंटिस को लाइन पर काम करने के लिए अकेला ही भेज दिया गया। उसके पास सुरक्षा उपकरण भी नहीं थे। सौरभ फाल्ट ठीक करने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़कर ट्रांसफार्मर व लाइन पर काम कर रहा था। इस दौरान जोगेंद्र धान के खेत में रासायनिक दवा का छिड़काव कर रहा था। सौरभ ने मदद के लिए जोगेंद्र को बुला लिया। जोगेंद्र व सौरभ दोनों लाइन की मरम्मत कर रहे थे। इस दौरान अचानक बिजली सप्लाई चालू हो गई। इस कारण दोनों को करंट का जोरदार झटका लगा। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू की।दोपहर बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए।
सुलगते सवाल : तय शेड्यूल से पहले कैसे सुचारु हुई बिजली सप्लाई
निगम अधिकारियों के अनुसार मुंडलाना गांव के खेतों में बिजली सप्लाई देने का शेड्यूल करीब 11 बजे का होता है। अप्रेंटिसकर्मी सौरभ व किसान जोगेंद्र फाल्ट की मरम्मत का कार्य सुबह करीब 9:30 बजे कर रहे थे। ऐसे में बड़ा सवाल यह खड़ा होता है कि तय शेड्यूल से पहले बिजली सप्लाई कैसे चालू हुई। इसके लिए कौन जिम्मेदार है। हालांकि निगम अधिकारी बैक फीडिंग का तर्क दे रहे हैं। निगम अधिकारियों ने तय शेड्यूल से पहले बिजली सप्लाई चालू होने की जांच भी शुरू कर दी है।
लाइनमैन और पावर हाउस ऑपरेटर सस्पेंड
मुंडलाना में हुई दो मौतों में निगमकर्मियों की लापरवाही बताई जा रही है। इस मामले में संज्ञान लेते हुए निगम अधिकारियों ने लाइनमैन मोहित व 33 केवी सब-स्टेशन महमूदपुर ऑपरेटर रामफल को सस्पेंड कर दिया है। निगम एक्सईएन राजसिंह सिंहमार ने बताया कि नियमानुसार अप्रेंटिस को फाल्ट ठीक करने के लिए नहीं भेजा जा सकता है। वहीं केवल लाइनमैन के कहने पर फीडर को बंद अथवा चालू नहीं किया जा सकता है। मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी है। जांच में अन्य कर्मचारियों के दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विधायक ने की पीड़ित परिवारों को मुआवजा व नौकरी देने की मांग
क्षेत्र में त्योहार के दिन दो युवाओं की मौत के बाद कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल व पूर्व विधायक जगबीर मलिक नागरिक अस्पताल में परिजनों के पास पहुंचे। उन्होंने निगम पर लापरवाही का आरोप लगाकर मामले की उच्च स्तरीय जांच करने की मांग की। उन्होंने सरकार से आश्रित परिवार को नौकरी और मुआवजा देने की मांग की।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।