{"_id":"6ac36b79a06352bd200dffd1","slug":"video-brij-lal-targets-bjp-ramur-cm-sukhu-development-projects-232-93-crore-2026-10-05","type":"video","status":"publish","title_hn":"रामपुर बुशहर: बृज लाल बोले- भाजपा की प्रेसवार्ता तथ्यों से परे, रामपुर की जनता को कर रही गुमराह","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
रामपुर बुशहर: बृज लाल बोले- भाजपा की प्रेसवार्ता तथ्यों से परे, रामपुर की जनता को कर रही गुमराह
Ankesh Dogra
Updated Mon, 05 Oct 2026 02:48 PM IST
Link Copied
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे को लेकर सियासत तेज हो गई है। भाजपा की प्रेसवार्ता के बाद अब कांग्रेस की ओर से पूर्व कैलाश फेडरेशन अध्यक्ष बृज लाल ने मोर्चा संभालते हुए भाजपा नेताओं पर निशाना साधा है। सोमवार को रामपुर में पत्रकारवार्ता के दौरान बृज लाल ने भाजपा की प्रेसवार्ता को तथ्यों से परे और जनता को गुमराह करने वाला करार दिया।
बृज लाल ने कहा कि भाजपा नेताओं को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान रामपुर और ननखड़ी क्षेत्र में 232.93 करोड़ रुपये के विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास के लिए सरकार का आभार जताना चाहिए था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल घोषणाएं करने में विश्वास नहीं रखती, बल्कि जमीन पर विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है।
पूरे हो चुके कार्यों का लोकार्पण, नई योजनाओं के शिलान्यास
बृज लाल ने कहा कि जिन योजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनका लोकार्पण किया गया है, जबकि उपलब्ध बजट के आधार पर नई योजनाओं के शिलान्यास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान तकलेच में बस अड्डे के निर्माण की घोषणा की गई और महिला मंडल को सहायता राशि देने का भी ऐलान हुआ।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने काशापाट स्कूल भवन के लिए दो करोड़ और रचोली स्कूल भवन के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की है। इसके अलावा सात महिला मंडलों को पांच-पांच लाख रुपये और बर्तन खरीदने के लिए एक-एक लाख रुपये देने की घोषणा की गई है।
बृज लाल के अनुसार संपर्क सड़कों के निर्माण को लेकर भी मुख्यमंत्री ने मौके पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि रामपुर क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। मंत्री रोहित ठाकुर ने तकलेच स्कूल भवन के डंगे के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये दिए हैं।
वहीं मुख्यमंत्री ने काशापाट से वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तकलेच को अगले सत्र से सीबीएसई प्रणाली के तहत संचालित करने की घोषणा की है। बृज लाल ने कहा कि इससे विद्यालय में स्टाफ और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
बृज लाल ने कहा कि ननखड़ी क्षेत्र में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से टिक्कर-खमाड़ी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा रामपुर में करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से 12 सड़कों का निर्माण कार्य भी चल रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि काशापाट जैसे दुर्गम क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने की पहल महत्वपूर्ण है। उनके अनुसार चांशल से काशापाट तक सड़क निर्माण की योजना से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
बृज लाल ने कहा कि काशापाट में चार होमस्टे के पंजीकरण से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं। उन्होंने इसे दुर्गम क्षेत्रों में पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि दिसंबर से गाय के दूध का खरीद मूल्य 51 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर और भैंस के दूध का खरीद मूल्य 71 रुपये प्रति लीटर किया जाएगा।
बृज लाल के अनुसार पशुपालकों को हर महीने 10 तारीख से पहले उनके बैंक खातों में दूध की अदायगी की जाएगी। उन्होंने इसे पशुपालकों के हित में महत्वपूर्ण फैसला बताया।
बृज लाल ने भाजपा पर विकास कार्यों में अड़ंगा डालने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने आपदा के समय हिमाचल को 1500 करोड़ रुपये की सहायता देने का दावा किया था, लेकिन उनके अनुसार यह राशि अभी तक प्रदेश में नहीं पहुंची है।
उन्होंने भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कार्यकाल में की गई घोषणाओं पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि कई घोषणाएं बिना बजट के की गई थीं।
बृज लाल ने सांसद कंगना रनौत पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सांसद ने रामपुर की जनता की समस्याएं सुनने के लिए कार्यालय खोलने की घोषणा की थी। उन्होंने सवाल उठाया कि उस घोषणा का क्या हुआ। बृज लाल ने भाजपा नेताओं को सलाह देते हुए कहा कि उन्हें कांग्रेस पर निशाना साधने के बजाय अपने संगठन और अपने कुनबे पर ध्यान देना चाहिए।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।