{"_id":"6af44498e02cafcd0b0266d2","slug":"video-wheat-sowing-cost-increases-seed-fertilizer-prices-una-2026-11-11","type":"video","status":"publish","title_hn":"ऊना: गेहूं की बिजाई हुई महंगी, बीज-खाद के बढ़े दामों ने बढ़ाई किसानों की चिंता","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ऊना: गेहूं की बिजाई हुई महंगी, बीज-खाद के बढ़े दामों ने बढ़ाई किसानों की चिंता
Ankesh Dogra
Updated Wed, 11 Nov 2026 04:04 PM IST
Link Copied
गेहूं की बिजाई का सीजन शुरू होते ही किसानों को बढ़ती लागत का सामना करना पड़ रहा है। उपमंडल बंगाणा की उपतहसील जोल क्षेत्र में किसान ट्रैक्टर और बीज ड्रिल मशीन की मदद से खेतों में गेहूं की बुआई करने में जुट गए हैं। लेकिन इस बार बीज, खाद और ट्रैक्टर से बिजाई करवाने का खर्च बढ़ने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है।
किसानों के अनुसार, पिछले साल के मुकाबले इस बार ट्रैक्टर से बुआई करवाने के लिए प्रति घंटा 100 रुपये अधिक खर्च करने पड़ रहे हैं। वहीं, गेहूं के बीज और खाद की कीमतों में बढ़ोतरी ने खेती का बजट बिगाड़ दिया है। किसानों का कहना है कि लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि फसल बेचने पर उन्हें अपेक्षित दाम नहीं मिल पाते।
ट्रैक्टर मालिक राजेश कुमार ने बताया कि डीजल और ट्रैक्टर के कलपुर्जों की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण बुआई का किराया बढ़ाना पड़ा है। मशीनरी के रखरखाव और अन्य खर्चों में इजाफा होने के चलते अब किसानों से पिछले साल की तुलना में प्रति घंटा 100 रुपये अधिक लिए जा रहे हैं।
इससे उन किसानों का खर्च बढ़ गया है, जिन्हें अपने खेतों में ट्रैक्टर और बीज ड्रिल मशीन से बिजाई करवानी पड़ रही है।
चौकी मन्यार निवासी किसान देवराज ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार गेहूं का बीज 6.25 रुपये प्रति किलोग्राम महंगा मिल रहा है। इसके अलावा खाद की एक बोरी के दाम में भी करीब 700 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने कहा कि बीज, खाद और बुआई के खर्च में एक साथ बढ़ोतरी होने से किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। खेती करना लगातार महंगा होता जा रहा है और किसानों के लिए फसल तैयार करने का खर्च जुटाना चुनौती बन रहा है।
बैरियां निवासी किसान लक्की कुमार ने कहा कि ट्रैक्टर से बुआई, बीज और खाद सहित खेती से जुड़ी जरूरी चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। दूसरी ओर, जब फसल बेचने की बारी आती है तो किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता।
उन्होंने बताया कि व्यापारियों की ओर से गेहूं करीब 2,000 से 2,200 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से खरीदी जाती है। ऐसे में खेती पर बढ़ते खर्च और फसल के अपेक्षाकृत कम दाम के बीच किसानों के लिए मुनाफा निकालना मुश्किल हो रहा है।
कृषि प्रसार अधिकारी चंदन कुमार शर्मा ने किसानों को सलाह दी कि गेहूं की बिजाई से पहले खेतों में पर्याप्त नमी सुनिश्चित करें। बिजाई के समय खाद का इस्तेमाल निर्धारित मात्रा और सही अनुपात में करें, ताकि फसल का उचित विकास हो सके और बेहतर पैदावार प्राप्त की जा सके।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।