ग्वालियर से करीब 70 किलोमीटर दूर भितरवार स्थित धार्मिक और पर्यटन स्थल धूमेश्वर धाम में पिकनिक का आनंद उस समय मातम में बदल गया, जब सिंध नदी के तेज बहाव में पैर फिसलने से एक बाइक मैकेनिक की डूबकर मौत हो गई। हादसे का सबसे दर्दनाक पहलू यह रहा कि युवक को बचाने के लिए दोस्तों ने तौलियों को जोड़कर रस्सी बनाई। मुकेश ने करीब 38 सेकंड तक उस रस्सी को पकड़े रखा, लेकिन तेज बहाव के आगे उसकी पकड़ छूट गई और वह नदी के भंवर में समा गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर से करीब 35 से 40 मैकेनिक और मजदूर सुबह पिकनिक मनाने धूमेश्वर धाम पहुंचे थे। सभी लोग लोहारी गांव की ओर सिंध नदी के किनारे मौजूद थे। कुछ लोग खाना बनाने में जुटे थे, जबकि 10 से 12 लोग नदी में नहाने चले गए।
नहाने के बाद बिजौली थाना क्षेत्र के बोबई गांव निवासी 42 वर्षीय बाइक मैकेनिक मुकेश जाटव नदी किनारे कपड़े बदल रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। नदी का बहाव तेज होने के कारण मुकेश कुछ ही पलों में पानी की धार में बह गया।
दोस्तों ने तौलियों से बनाई रस्सी
मुकेश को बचाने के लिए उसके दोस्तों ने तत्काल प्रयास शुरू किए। उन्होंने तौलियों को आपस में बांधकर एक अस्थायी रस्सी बनाई और उसे नदी की ओर फेंका। कुछ देर बाद पानी के ऊपर मुकेश का हाथ दिखाई दिया। उसने तौलियों से बनी रस्सी पकड़ ली।
पढ़ें: जहरीली शराब कांड में यूपी कनेक्शन पर बवाल: आमने-सामने आईं एमपी और यूपी पुलिस; ललितपुर ASP बोले- गलत जानकारी है
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मुकेश करीब 38 सेकंड तक रस्सी पकड़े रहा। दोस्तों ने उसे बाहर खींचने की कोशिश की, लेकिन नदी के तेज बहाव और भंवर के कारण उसकी पकड़ छूट गई। देखते ही देखते वह दोबारा पानी के अंदर चला गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो मौके पर मौजूद एक साथी ने बना लिया।
एक घंटे की तलाश के बाद मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने करीब एक घंटे तक नदी में तलाश अभियान चलाया। इसके बाद मुकेश का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया।
बताया जा रहा है कि इन दिनों मणिखेड़ा और हरसी डैम के गेट खोले जाने के कारण धूमेश्वर धाम के पास सिंध और पार्वती नदियां उफान पर हैं। प्रशासन लगातार लोगों से नदी किनारे और गहरे पानी में नहीं जाने की अपील कर रहा है। इसके बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर नदी में पहुंच रहे हैं।
मुकेश के रिश्तेदारों के अनुसार, उसके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। परिवार की जिम्मेदारियां भी मुकेश के कंधों पर थीं। परिजनों ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। गांव में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
भितरवार थाना प्रभारी बलवीर सिंह मावई के अनुसार, पिकनिक मनाने आए लोगों में से एक व्यक्ति कपड़े बदलते समय पैर फिसलने से गहरे पानी में चला गया था। रेस्क्यू टीम की मदद से उसका शव बाहर निकाल लिया गया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।