जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र के गांव पलखड़ी में पारिवारिक विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब चाचा-ताऊ पक्ष के लोगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
पीड़ित बुड़ो खां ने बताया कि वह अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान उसके चाचा तब्बू, ताऊ नूरुद्दीन, जाखड़, अथर, तिलो और अन्य लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि सभी ने पहले गाली-गलौज शुरू की और फिर अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले के दौरान परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो उनके साथ भी मारपीट की गई। अचानक हुए हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मारपीट में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें: Sirohi News: हाईटेक ठगी गिरोह का पर्दाफाश, फर्जी पहचान बनाकर 16 लाख लूटे, महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
घटना के बाद परिजन घायलों को तुरंत उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को भर्ती कर लिया। चिकित्सकों के अनुसार घायलों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं और उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी जांच में जुट गई है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान लिए जा रहे हैं और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार पारिवारिक कहासुनी के बाद मामला अचानक हिंसक रूप ले बैठा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है।