राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक रेस्टोरेंट के बाहर हुआ ड्रेस कोड विवाद अब सोशल मीडिया पर बड़ा मुद्दा बन गया है। एक व्यक्ति को कथित तौर पर सिर्फ इसलिए रेस्टोरेंट में प्रवेश नहीं दिया गया क्योंकि उसने लुंगी और चप्पल पहन रखी थी। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से वायरल हो गया और इस पर लोगों के बीच बहस शुरू हो गई है।
लुंगी पहनने पर रोकी गई एंट्री
मिली जानकारी के अनुसार, जब संबंधित व्यक्ति रेस्टोरेंट पहुंचा तो वहां मौजूद स्टाफ ने उसके पहनावे पर आपत्ति जताई। सबसे पहले लुंगी पहनने को लेकर सवाल उठाया गया और उसे अंदर जाने से रोक दिया गया। बताया जा रहा है कि जब व्यक्ति ने ट्राउजर पहनने की बात कही, तब भी उसे एंट्री नहीं दी गई। इस बार स्टाफ ने चप्पल पहनने को आधार बनाते हुए उसे अंदर जाने से मना कर दिया।
वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया शेयर
घटना से नाराज व्यक्ति ने मौके पर ही वीडियो बनाना शुरू कर दिया और पूरे घटनाक्रम को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया और लोगों ने इस पर अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने इसे भेदभावपूर्ण व्यवहार बताया, जबकि कुछ लोगों ने निजी संस्थानों के ड्रेस कोड लागू करने के अधिकार का समर्थन भी किया।
ये भी पढ़ें: किशनगंज पुलिस महकमे में भूचाल, पांच शहरों में फैली थानेदार की संपत्ति, आय से दोगुना ज्यादा पैसा उजागर
रेस्टोरेंट प्रबंधन का भी आया पक्ष
वहीं रेस्टोरेंट प्रबंधन ने इस मामले पर अलग पक्ष रखा है। उनका कहना है कि वीडियो बनाने वाले व्यक्ति का व्यवहार ठीक नहीं था। आरोप है कि उसने स्टाफ और मालिक के साथ बदतमीजी की और कथित रूप से धमकाने की कोशिश भी की, जिससे विवाद बढ़ गया। इस पूरे मामले को लेकर पुलिस तक शिकायत पहुंचने की चर्चा भी सामने आई, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने ऐसी किसी एफआईआर दर्ज होने से इनकार किया है। फिलहाल यह मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां ड्रेस कोड, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और सामाजिक व्यवहार को लेकर अलग-अलग राय सामने आ रही हैं।