{"_id":"69c419798e1bd88b4e045b45","slug":"balen-shah-likely-to-be-sworn-in-as-nepal-pm-on-friday-2026-03-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"नेपाल में नई राजनीति की शुरुआत: बालेन शाह शुक्रवार को ले सकते हैं शपथ, बनेंगे देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
नेपाल में नई राजनीति की शुरुआत: बालेन शाह शुक्रवार को ले सकते हैं शपथ, बनेंगे देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, काठमांडो
Published by: Rahul Kumar
Updated Wed, 25 Mar 2026 10:52 PM IST
विज्ञापन
सार
नेपाल में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के नेता बलेंद्र ‘बालेन’ शाह शुक्रवार को प्रधानमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। 35 वर्षीय शाह देश के सबसे युवा और मधेश क्षेत्र के पहले प्रधानमंत्री होंगे।
बालेन शाह
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
नेपाल में सियासी बदलाव के बीच राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के वरिष्ठ नेता बलेंद्र शाह ‘बालेन’ शुक्रवार को देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। 35 वर्षीय बालेन शाह न सिर्फ नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री होंगे, बल्कि मधेश क्षेत्र से आने वाले पहले नेता भी होंगे जो देश के शीर्ष कार्यकारी पद पर पहुंचेंगे। उन्हें आरएसपी ने 5 मार्च को हुए आम चुनाव से पहले ही प्रधानमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया था।
Trending Videos
कल लेंगे प्रतिनिधि सभा शपथ
शपथ ग्रहण से पहले गुरुवार को बालेन शाह प्रतिनिधि सभा (हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स) के सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। यह शपथ 78 वर्षीय अर्जुन नरसिंह केसी दिलाएंगे, जो नवनिर्वाचित सदस्यों में सबसे वरिष्ठ हैं। इसके बाद शुक्रवार को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल उन्हें प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
गुरुवार को ही आरएसपी की केंद्रीय समिति की बैठक होगी, जिसमें संसदीय दल का गठन किया जाएगा। इसके बाद संसदीय दल की बैठक में बालेन शाह को नेता चुना जाएगा, जिससे उनका प्रधानमंत्री बनना औपचारिक रूप से तय हो जाएगा। पार्टी के केंद्रीय संगठन समिति के सचिव शंकर श्रेष्ठ ने बताया कि इसी दिन मंत्रिपरिषद के सदस्यों के नाम भी अंतिम रूप दिए जा सकते हैं।
ये भी पढ़ें: Iran: 'होर्मुज पर ईरान की संप्रभुता को मिले मान्यता', ईरान ने रखी पांच शर्तें; ट्रंप के प्रस्ताव को खारिज किया
बुधवार को परंपरा के अनुसार राष्ट्रपति पौडेल ने नेपाली कांग्रेस के नेता अर्जुन नरसिंह केसी को निचले सदन का सदस्य बनने की शपथ दिलाई। गुरुवार को केसी ही सभी नवनिर्वाचित सांसदों को शपथ दिलाएंगे, क्योंकि अभी संसद में स्पीकर का चुनाव नहीं हुआ है।
कल शाम सरकार गठन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से होगी शुरू
राष्ट्रपति कार्यालय के सूत्रों के अनुसार, गुरुवार शाम तक सरकार गठन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू कर दी जाएगी। आरएसपी ने प्रतिनिधि सभा की 275 में से 182 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जिससे वह संविधान के अनुच्छेद 76(1) के तहत सरकार बनाने की पात्र है।
शीतल निवास में होगा शपथ ग्रहण
सूत्रों के मुताबिक, बालेन शाह शुक्रवार, 27 मार्च को राष्ट्रपति भवन शीतल निवास में एक विशेष समारोह में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि वे 15 से 18 मंत्रियों वाली छोटी कैबिनेट बना सकते हैं।गौरतलब है कि इस महीने हुए आम चुनाव में बालेन शाह और उनकी पार्टी ने पारंपरिक राजनीतिक दलों को कड़ी टक्कर देते हुए सत्ता में जगह बनाई। यह चुनाव पिछले साल हुए ‘जनरेशन Z’ के उग्र प्रदर्शनों के बाद हुआ था, जिनमें भ्रष्टाचार के खिलाफ और नई राजनीतिक सोच की मांग उठी थी। रैपर से नेता बने बालेन शाह ने झापा-5 सीट से चार बार के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को भारी अंतर से हराया। यह सीट लंबे समय से ओली का गढ़ मानी जाती रही है।