Putin Greenland Price: क्या पुतिन ने ग्रीनलैंड की कीमत 200-250 मिलियन डॉलर आंकी? रूसी राष्ट्रपति का बयान वायरल
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद को संबोधित किया। इस दौरान पुतिन ने ग्रीनलैंड, बोर्ड ऑफ पीस और रूस-यूक्रेन युद्ध पर अपनी बात रखी। पुतिन ने ग्रीनलैंड के अमेरिका द्वारा अधिग्रहण को तूल नहीं दिया और कहा कि रूस का इससे कोई मतलब नहीं है।
विस्तार
पुतिन ने ग्रीनलैंड की कीमत आंकी
- बुधवार को रूस की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद को वर्चुअली संबोधित करते हुए रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने कहा, 'रूस ने भी अमेरिका को अलास्का बेचा था। इस लिहाज से ग्रीनलैंड के अधिग्रहण की कीमत करीब 200-250 मिलियन डॉलर हो सकती है। सोने की कीमतों को देखते हुए ये आंकड़ा ज्यादा हो सकता है और ये एक अरब डॉलर तक जा सकता है। लेकिन मुझे लगता है कि अमेरिका इस रकम को भी देने में सक्षम है।'
- पुतिन ने कहा, 'अहम बात ये है कि अमेरिका और डेनमार्क को इसका अनुभव है। डेनमार्क ने अपने वर्जिन आइलैंड को भी 1917 में अमेरिका में बेचा था।'
- पुतिन ने कहा कि उन्हें इस मुद्दे कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा, 'ग्रीनलैंड का क्या होता है, इससे हमारा कोई लेना-देना नहीं है। डेनमार्क ने हमेशा ग्रीनलैंड को एक उपनिवेश के रूप में माना है और इसके प्रति काफी कठोर रहा है लेकिन यह पूरी तरह से एक अलग मामला है, और मुझे संदेह है कि अभी इसमें किसी की दिलचस्पी है। निश्चित रूप से यह हमसे संबंधित नहीं है। मुझे लगता है कि वे इसे आपस में सुलझा लेंगे।'
ग्रीनलैंड पर मची है रार
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ग्रीनलैंड पर कब्जे की बात कर रहे हैं। ग्रीनलैंड, डेनमार्क का स्वशासित इलाका है। अमेरिका की सुरक्षा के लिए ट्रंप ग्रीनलैंड पर अमेरिकी कब्जे को जरूरी बता रहे हैं। वहीं डेनमार्क और खुद ग्रीनलैंड के लोग इसके पक्ष में नहीं है। ट्रंप ने ग्रीनलैंड को खरीदने की भी पेशकश की है। वहीं ट्रंप के ग्रीनलैंड पर कब्जे की बात से यूरोप में नाराजगी है। फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने तो साफ कह दिया है कि यूरोप की संप्रभुता से कोई समझौता नहीं होगा। हालांकि ट्रंप फिर भी ग्रीनलैंड पर कब्जे की बात पर अडिग हैं।
बोर्ड ऑफ पीस में शामिल हो सकते हैं पुतिन
पुतिन ने बोर्ड ऑफ पीस में शामिल होने की संभावनाओं पर कहा, 'बोर्ड ऑफ पीस में शामिल होने को लेकर विदेश मंत्रालय को निर्देश दिया गया है कि वे हमें मिले दस्तावेजों का ठीक से अध्ययन करें। हम इस बारे में रूस के रणनीतिक साझेदारों से भी चर्चा करेंगे और उसके बाद ही इस बारे में कुछ फैसला करेंगे।' पुतिन ने कहा हम हमेशा अंतरराष्ट्रीय स्थिरता को मजबूत करने के पक्ष में रहे हैं। साथ ही हम यूक्रेन संकट हल करने के लिए अमेरिका के प्रयासों की भी सराहना करते हैं। राष्ट्रपति पुतिन ने बोर्ड ऑफ पीस में शामिल होने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप के आमंत्रण के लिए भी धन्यवाद कहा।