फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates Of 10 July: World News, US-Iran Crisis, Russia Ukraine War, US, China; World News In Hindi

World Updates: स्पेन के जंगलों में लगी भीषण आग, 12 लोगों की मौत; हालात पर काबू पाने सेना उतरी

Fri, 10 Jul 2026 03:21 PM IST
Pavan वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Fri, 10 Jul 2026 03:21 PM IST
विज्ञापन
World Updates Of 10 July: World News, US-Iran Crisis, Russia Ukraine War, US, China; World News In Hindi
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
सीरिया की सरकार ने दावा किया है कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की हालिया यात्रा के दौरान दमिश्क में हुए बम धमाकों के पीछे शामिल संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गृह मंत्रालय के अनुसार सुरक्षा बलों ने राजधानी और आसपास के इलाकों में छापेमारी कर पूरे मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। हालांकि गिरफ्तार लोगों की पहचान और संगठन का खुलासा नहीं किया गया है। मैक्रों मंगलवार को सीरिया के राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात कर रहे थे, तभी कूड़ेदान और एक खड़ी कार में लगाए गए बम फट गए। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई और 36 लोग घायल हो गए। इससे पहले पिछले सप्ताह दमिश्क के एक कैफे में हुए विस्फोट में 10 लोगों की जान गई थी और 20 से अधिक घायल हुए थे। इन धमाकों की जिम्मेदारी अभी तक किसी संगठन ने नहीं ली है। सीरिया की नई सरकार के लिए यह घटना सुरक्षा व्यवस्था की बड़ी चुनौती मानी जा रही है। गृहयुद्ध के बाद देश पुनर्निर्माण की प्रक्रिया में है और सरकार राजनीतिक व आर्थिक सुधारों के जरिए अंतरराष्ट्रीय समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है।
विज्ञापन

 

पाकिस्तान को विदेशों से रिकॉर्ड 41.6 अरब डॉलर की रकम
पाकिस्तान को वित्त वर्ष 2025-26 में विदेशों में रहने वाले नागरिकों से रिकॉर्ड 41.6 अरब डॉलर की धनराशि (रेमिटेंस) प्राप्त हुई है। यह पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले 8.6 फीसदी अधिक है। पाकिस्तान के केंद्रीय बैंक स्टेट बैंक ऑफ पाकिस्तान (एसबीपी) ने इसकी जानकारी दी। यह पहली बार है जब विदेशों से भेजी गई रकम देश के कुल निर्यात (30.1 अरब डॉलर) से भी अधिक रही है। वित्त मंत्री के सलाहकार खुर्रम शहजाद ने इसे पाकिस्तान के इतिहास में अब तक का सबसे बड़ा वार्षिक रेमिटेंस बताया। उन्होंने कहा कि यह विदेशों में रह रहे पाकिस्तानियों के भरोसे और देश की अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत है।

जून महीने में सबसे ज्यादा धनराशि सऊदी अरब (829.6 मिलियन डॉलर) और संयुक्त अरब अमीरात (792.3 मिलियन डॉलर) से आई। इसके बाद ब्रिटेन, अमेरिका, इटली और ओमान का स्थान रहा। पाकिस्तान को करीब 40 अरब डॉलर के व्यापार घाटे का सामना करना पड़ा, जिसकी भरपाई में विदेशी कामगारों से मिलने वाली यह रकम बड़ी मदद साबित हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन

अमेरिका से भारत भेजी जा रही 22 किलो से अधिक कोकीन जब्त
अमेरिका के मियामी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास एक एयर कार्गो गोदाम से भारत भेजी जा रही 22.35 किलोग्राम कोकीन जब्त की गई है। अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा (सीबीपी) ने बताया कि इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख डॉलर आंकी गई है। अधिकारियों के अनुसार मादक पदार्थ डोमिनिकन गणराज्य से भारत भेजे जा रहे एक पार्सल में छिपाया गया था। पार्सल पर "म्यूजिक इक्विपमेंट" लिखा था और कोकीन को स्पीकर व एम्प्लीफायर के अंदर बेहद चालाकी से छिपाया गया था। जांच के दौरान अधिकारियों को चार स्पीकर और दो एम्प्लीफायर के भीतर आठ पाउच और चार ईंटनुमा पैकेट मिले। जांच में यह कोकीन हाइड्रोक्लोराइड निकली। यह कार्रवाई फीफा विश्व कप के दौरान मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन स्ट्राइकर शील्ड के तहत की गई। सीबीपी ने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी। मामले की जांच अब होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस (HSI) कर रही है।
 
विज्ञापन

मुजफ्फराबाद में जारी लॉकडाउन से गहराया असंतोष
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में एक माह से जारी लॉकडाउन को लेकर मुजफ्फराबाद के लोगों में असंतोष गहरा गया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से प्रतिबंधों, इंटरनेट ब्लैकआउट, बैंकिंग संकट व शैक्षणिक संस्थानों के बंद होने से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। व्यापार बंद होने की कगार पर पहुंच गए हैं।  कार्यकर्ता ख्वाजा अहमद ने चेतावनी दी कि सरकार के बल प्रयोग से लंबे समय तक बंदी रहने के चलते मानवीय संकट और गहराएगा। मुजफ्फराबाद में व्यापारियों के प्रतिनिधि मोहम्मद अजमल कुरैशी ने कहा कि इंटरनेट सेवाएं न होने के कारण व्यापार के साथ बैंकिंग लेनदेन, ऑनलाइन व्यापार, भुगतान और आपूर्ति शृंखला पूरी तरह से बाधित है। जिससे व्यापारियों के हाथ बंध गए हैं। कुरैशी ने स्कूलों और विश्वविद्यालयों के लगातार बंद रहने पर भी गहरी चिंता जताई और कहा कि छात्रों का कीमती शैक्षणिक समय बर्बाद हो रहा है। 

व्यापारियों को भारी क्षति
जिला जकात समिति के अध्यक्ष रियाज अरघम ने बाजारों की पूर्ण बंदी की आलोचना करते हुए कहा कि व्यापारियों को भारी वित्तीय क्षति हो रही है। उन्होंने दावा किया कि कई दुकानदार हड़ताल का समर्थन नहीं करते, लेकिन उन्हें डर है कि दुकानें खोलने पर उन्हें क्षति हो सकती है।
 

यूक्रेनी ड्रोन हमले में रूस की तेल रिफाइनरी बनी निशाना
यूक्रेन के ड्रोन हमलों में बृहस्पतिवार को रूस की तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया गया और अजोव सागर में दो तेल टैंकर में आग लग गई। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के यूक्रेन को पैट्रियट वायु रक्षा प्रणाली बनाने का लाइसेंस देने का वादा करने के एक दिन बाद यह हमला हुआ है। रूस की कई तेल रिफाइनरियों पर यूक्रेनी हमलों से ईंधन संकट पैदा हो गया है। उधर, रूस ने भी यूक्रेन में 94 ड्रोन और दो बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। 
 

चीन में तूफान और बाढ़ से भीषण तबाही 39 लोगों की मौत
दक्षिण चीन में आए एक भीषण उष्णकटिबंधीय तूफान के कारण हुई मूसलाधार बारिश और बाढ़ से 39 लोगों की मौत हो गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को इसकी पुष्टि की। यह तबाही ऐसे समय में आई है जब चीन का पूर्वी तट और ताइवान एक नए चक्रवाती तूफान (बावी) को लेकर संकट में है। बाढ़ में सर्वाधिक मौतें हेंगझोउ में हुई हैं। नाननिंग शहर में एक जलाशय का बांध आंशिक रूप से टूटने से आई बाढ़ में अकेले हेंगझोउ में 26 लोगों की मौत हुई। 


 

नोबेल को आतुर ट्रंप फिर बोले- एटमी वार में बदलने वाला था भारत-पाकिस्तान युद्ध
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान युद्ध सुलझाने का फिर दावा किया है। ट्रंप ने दावा किया कि भारत और पाकिस्तान के बीच का टकराव परमाणु युद्ध में बदलने वाला था। बिना कोई विवरण दिए ट्रंप ने कहा कि मई-2025 में दोनों पड़ोसी देशों के बीच चार दिन के संघर्ष में 11 लड़ाकू विमान मार गिराए गए थे। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये लड़ाकू विमान दोनों में से किस देश के थे।
ट्रंप ने एयर फोर्स वन में कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच हुए संघर्ष समेत आठ लड़ाइयों को सुलझाने की वजह से वह नोबेल शांति पुरस्कार के लिए किसी भी अन्य व्यक्ति की तुलना में ज्यादा हकदार हैं। भारत ने किसी भी तीसरे पक्ष के दखल से लगातार इन्कार किया है।  भारत का कहना है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय हमलों में पाकिस्तान के एफ-16 लड़ाकू विमानों सहित एक दर्जन सैन्य विमान नष्ट हो गए या क्षतिग्रस्त हुए। ट्रंप ने पहले भी कई बार भारत-पाकिस्तान संघर्ष खत्म कराने में अपनी भूमिका बताई और कहा कि टैरिफ लगाने की चेतावनी देकर उन्होंने यह युद्ध रुकवाया। भारत इस तथ्य को नहीं मानता। 

 

न्यूजीलैंड से भारत जाने वाले 57% सामानों पर टैरिफ नहीं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की यात्रा के आखिरी चरण में शुक्रवार को न्यूजीलैंड पहुंचेंगे। इससे एक दिन पहले प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने एक बड़ी घोषणा की कि भारत के साथ होने वाले व्यापार समझौते के तहत पहले ही दिन से न्यूजीलैंड से भारत जाने वाले 57% सामानों पर कोई टैरिफ नहीं लगेगा। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में भारत-न्यूजीलैंड के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस समझौते से न्यूजीलैंड की घरेलू कंपनियों को भारतीय बाजार में बेहतर पहुंच मिलेगी, जिससे उन्हें बड़ा फायदा होगा। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है, जो न्यूजीलैंड की आर्थिक तरक्की के लिए बहुत मायने रखता है। लक्सन ने आगे कहा, अप्रैल में हस्ताक्षरित न्यूजीलैंड-भारत मुक्त व्यापार समझौते के जरिए हम दोनों देशों के रिश्तों को एक नए मुकाम पर ले जा रहे हैं। ऑकलैंड यात्रा के दौरान मोदी और लक्सन के बीच उच्चस्तरीय बैठक होगी।

साहित्य में एआई की भूमिका शून्य इसमें मौलिकता नहीं- रुश्दी
मशहूर लेखक सलमान रुश्दी का मानना है कि साहित्य जैसे रचनात्मक कार्यों में एआई की कोई भूमिका नहीं है क्योंकि इसमें मौलिकता नहीं होती। बुकर पुरस्कार विजेता रुश्दी ने बुधवार को लंदन में लिबेराटम का 14वां सम्मान स्वीकार करने से पहले यह बात कही। रुश्दी ने कहा कि एआई बड़ी मात्रा में जानकारी लेकर उसके संस्करण बना सकता है लेकिन यह ऐसा कुछ नहीं कर सकता जो किसी ने पहले न किया हो। 

जर्मनी में हीटवेव से पांच हजार से अधिक लोगों की हुई मौत
जर्मनी में भीषण गर्मी और हीटवेव के कारण इस साल अब तक लगभग 5,120 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें से अधिकांश लोग जून के आखिरी हफ्ते में मारे गए। देश की प्रमुख सार्वजनिक स्वास्थ्य संस्था रॉबर्ट कोच इंस्टीट्यूट (आरकेआई) के मुताबिक, मृतकों में बुजुर्गों की संख्या सर्वाधिक रही। लगभग 4,270 मृतक 75 वर्ष या उससे अधिक उम्र के थे, जिनमें पुरुषों की तुलना में महिलाओं की संख्या अधिक रही। पश्चिमी यूरोप में इस साल जून का महीना सबसे अधिक गर्म दर्ज किया गया।

उज्बेकिस्तान में भारतीय छात्रा की बेरहमी से पीटकर हत्या
उज्बेकिस्तान में मेडिकल की पढ़ाई कर रही केरल की 22 वर्षीय छात्रा सावरिया की उसके दोस्त और सहपाठी ने बेरहमी से पीटकर हत्या कर दी। स्थानीय पुलिस ने मल्लपुरम निवासी आरोपी सदरुल अनाम (23) को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों एक ही हॉस्टल में रहते थे। परिजनों का आरोप है कि हत्या से पहले सावरिया को धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर किया गया और बेरहमी से पीटा गया। उसके शरीर में गंभीर चोटों के निशान हैं। 

सिंगापुर- चीनी बैंक खाते फ्रीज भारतीय प्रबंधक पर 39 केस
सिंगापुर में एक कंपनी के भारतीय मूल के प्रबंधक के खिलाफ 39 आपराधिक मुकदमे दर्ज किए गए हैं। यह कार्रवाई आरोपी मलिक समीर (36) की कंपनी समलिट मनीचेंजर की ओर से चीन भेजे गए 1.3 करोड़ सिंगापुर डॉलर (लगभग 80 करोड़ रुपये) के रेमिटेंस के फ्रीज होने के बाद हुई है। मामले में कंपनी और उसके निदेशक नोवियांती (45) के खिलाफ भी कुल 34 केस दर्ज किए गए हैं। मामला 2023 का है। पुलिस को चीनी अधिकारियों से 670 ज्यादा शिकायतें मिली थीं। 

चार्ली किर्क हत्याकांड: आरोपी ने कहा था- काश यह नहीं किया होता, कोर्ट में चला वीडियो
अमेरिका में राजनीतिक कार्यकर्ता चार्ली किर्क की हत्या के मामले में कोर्ट में पेश किए गए एक पुलिस वीडियो में आरोपी टायलर रॉबिन्सन के रूममेट लांस ट्विग्स ने दावा किया कि घटना के अगले दिन आरोपी ने उससे कहा था, "काश मैंने यह नहीं किया होता।" अभियोजन पक्ष का कहना है कि आरोपी ने एक नोट और संदेश में भी किर्क को निशाना बनाने की बात लिखी थी। रॉबिन्सन पर हत्या का आरोप है, लेकिन उसने अभी दोष स्वीकार नहीं किया है। अदालत अब तय करेगी कि उसके खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए पर्याप्त सबूत हैं या नहीं।

स्पेन के जंगलों में आग से 12 की मौत

स्पेन के अल्मेरिया में जंगल में आग लगने से 12 लोगों की मौत हो गई। यह अग्निकांड ऐसे समय हुआ है, जब देश के ज्यादातर हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉस गैलार्डोस में लगी आग के शिकार कई लोग जल चुकी गाड़ियों के अंदर पाए गए। आग बुझाने के लिए करीब 150 दमकलकर्मी जुटे हुए थे। अधिकारियों ने अभी तक आग लगने की वजह की पुष्टि नहीं की है। स्पेन की मिलिट्री इमरजेंसी यूनिट, जिसे बड़ी आपातकालीन स्थितियों में तैनात किया जाता है, जल्द ही आग बुझाने के काम में शामिल होने वाली है। क्षेत्रीय अधिकारियों ने कहा कि यह इस इलाके में अब तक की सबसे भयानक आग है।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed