सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   World Updates Of 30 April: World News; Russia-Ukraine War, US, China, Pakistan, nepal; news in hindi

World: दुनिया में हर दिन 4900 नए हेपेटाइटिस संक्रमण, 2024 में 13 लाख से अधिक मौतें; PAK में आतंकी हमला नाकाम

वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Pavan Updated Thu, 30 Apr 2026 05:40 AM IST
विज्ञापन
World Updates Of 30 April: World News; Russia-Ukraine War, US, China, Pakistan, nepal; news in hindi
दुनिया की बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics
विज्ञापन
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की नई वैश्विक रिपोर्ट के अनुसार हेपेटाइटिस बी और सी पर काबू पाने की दिशा में कुछ प्रगति जरूर हुई है, लेकिन यह बीमारी अब भी दुनिया के लिए एक बड़ी चुनौती है। 2024 में हेपेटाइटिस बी और सी के कारण 13.4 लाख लोगों की मौत हुई, जबकि हर दिन करीब 4900 नए संक्रमण दर्ज हुए। यानी प्रतिवर्ष 18 लाख लोग इस रोग से संक्रमित हो रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, 2015 के बाद से नए मामलों और मौतों में कुछ कमी आई है, लेकिन 2030 तक हेपेटाइटिस उन्मूलन का वैश्विक लक्ष्य अभी  दूर है। डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट के अनुसार हेपेटाइटिस बी और सी दुनिया में हेपेटाइटिस से होने वाली कुल मौतों के लगभग 95 प्रतिशत के लिए जिम्मेदार हैं।
Trending Videos


भारत, चीन और पाकिस्तान पर सबसे अधिक बोझ
रिपोर्ट के अनुसार भारत, चीन और पाकिस्तान में हेपेटाइटिस सी के सबसे अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। ये तीनों देश मिलकर दुनिया के 39% मामलों के लिए जिम्मेदार हैं। वहीं अफ्रीकी देशों में हेपेटाइटिस बी के नए मामलों की संख्या सर्वाधिक है। वहां टीकाकरण की दर बहुत कम है। डब्ल्यूएचओ ने कहा कि अधिक आबादी वाले देशों में मजबूत राष्ट्रीय रणनीति के बिना वैश्विक लक्ष्य हासिल करना मुश्किल होगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

काबुल एयरपोर्ट हमले का आरोपी दोषी करार
काबुल एयरपोर्ट पर 2021 में हुए बड़े आत्मघाती हमले के मामले में एक आरोपी को अमेरिकी अदालत ने दोषी ठहराया है। आरोपी मोहम्मद शरीफुल्लाह को आतंकवाद से जुड़े आरोप में दोषी पाया गया है और उसे अधिकतम 20 साल की सजा हो सकती है।

इस हमले में करीब 160 अफगान नागरिक और 13 अमेरिकी सैनिक मारे गए थे। यह हमला उस समय हुआ था जब अमेरिका अपनी सेना को अफगानिस्तान से वापस बुला रहा था। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी का संबंध आईएसआईएस-के नामक आतंकी संगठन से था। हालांकि, अदालत में यह साबित नहीं हो सका कि इस साजिश से सीधे मौतें हुईं या नहीं, इसलिए उसे उम्रकैद नहीं दी गई। बचाव पक्ष ने दावा किया कि आरोपी के खिलाफ ठोस सबूत नहीं हैं, जबकि अभियोजन पक्ष ने उसे हमले की साजिश का अहम हिस्सा बताया।

पाकिस्तान में आतंकी हमला नाकाम, छह आतंकवादी ढेर
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के बन्नू जिले में बुधवार तड़के पुलिस पोस्ट पर हुए हमले को सुरक्षा बलों ने नाकाम कर दिया। इस मुठभेड़ में छह आतंकवादी मारे गए। पुलिस के मुताबिक, भारी हथियारों से लैस आतंकियों ने रात करीब 1 बजे मजंगा पुलिस पोस्ट पर हमला किया था, लेकिन पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की।

दोनों तरफ से कई घंटों तक गोलीबारी होती रही, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। घटनास्थल से हथियार, हैंड ग्रेनेड और अन्य सामान बरामद किया गया है। हमले में एक पुलिसकर्मी घायल हुआ, जिसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने जवानों की बहादुरी की सराहना करते हुए उन्हें इनाम देने की घोषणा की है। बन्नू जिले में हाल के महीनों में आतंकी गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। पुलिस ने साफ कहा है कि आतंकवाद के खिलाफ उनकी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
 

फेड चेयर पद छोड़ने के बाद भी बने रहेंगे जेरोम पॉवेल
अमेरिका के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पॉवेल ने कहा है कि वे अपना कार्यकाल खत्म होने के बाद भी बोर्ड में बने रहेंगे। उनका कहना है कि ट्रंप प्रशासन द्वारा संस्थान पर किए जा रहे कानूनी हमलों के चलते यह फैसला लिया गया है। फेड ने हाल ही में ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है, लेकिन आगे दरों में कटौती की संभावना जताई है। फिलहाल महंगाई दर 3% से ऊपर बनी हुई है, जो चिंता का विषय है। पॉवेल के इस फैसले से ट्रंप सरकार और फेड के बीच तनाव बढ़ सकता है। वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि इससे आर्थिक नीतियों पर असर पड़ सकता है।

भारत-श्रीलंका ने गोताखोरी अभ्यास कर और मजबूत की समुद्री साझेदारी
भारत और श्रीलंका की नौसेनाओं ने कोलंबो में द्विपक्षीय गोताखोरी अभ्यास-डाइवेक्स 2026 सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। 21 अप्रैल से सप्ताहभर चले इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों के बीच समुद्री सहयोग को मजबूत करना था। यह अभ्यास का चौथे संस्करण था। इसमें भारतीय नौसेना के जहाज आईएनएस निरीक्षक ने भी हिस्सा लिया। साथ ही, दोनों देशों की गोताखोरी टीमों ने अपनी तकनीकी दक्षता और परिचालन क्षमता का प्रदर्शन किया।

श्रीलंका- सरकारी धन के दुरुपयोग में पूर्व राष्ट्रपति पर आरोप होंगे तय
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे और उनके पूर्व सचिव समन एकनायके के खिलाफ सरकारी धन के दुरुपयोग मामले में कोर्ट में आरोप तय किए जाएंगे। बुधवार को कोलंबो फोर्ट मजिस्ट्रेट कोर्ट को सूचित किया गया कि इन दोनों पर 1.66 करोड़ श्रीलंकाई रुपये के गबन का आरोप है। विक्रमसिंघे पर आरोप है कि उन्होंने 2023 में अपनी पत्नी के दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए सरकारी कोष का उपयोग किया।
 

फिलीपीन में उपराष्ट्रपति के खिलाफ चलेगा महाभियोग
फिलीपीन में उपराष्ट्रपति सारा दुतेर्ते के खिलाफ महाभियोग चलाने का रास्ता साफ हो चुका है। प्रतिनिधि सभा की 53 सदस्यीय न्याय समिति ने बुधवार को सर्वसम्मति से यह फैसला लिया और कहा कि उसके पास महाभियोग चलाने के लिए पर्याप्त सबूत हैं। दुतेर्ते पर सरकारी धन के दुरुपयोग और राष्ट्रपति की हत्या की धमकी सहित कई आरोप हैं। हालांकि, उन्होंने इन सभी आरोपों से इन्कार किया है।
 

यूक्रेन पर हमले के बाद पहली बार रूसी परेड में सैन्य उपकरण नहीं
यूक्रेन से युद्ध के बाद पहली बार रूस द्वितीय विश्व युद्ध में नाजी जर्मनी की पराजय की 81वीं वर्षगांठ पर होने वाली पारंपरिक परेड में सैन्य उपकरण शामिल नहीं करेगा। रूसी रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार देर रात यह घोषणा की। आमतौर पर रूस हर साल 9 मई को अपना सबसे महत्वपूर्ण धर्मनिरपेक्ष पर्व मनाता है और अपनी सैन्य शक्ति का प्रदर्शन करता है, लेकिन इस बार मॉस्को के रेड स्क्वायर से कोई सैन्य उपकरण नहीं गुजरने से यह फीका रह सकता है।

एच-1बी: श्रम अधिकारी ने किया वेतन वृद्धि के नियम का समर्थन
उत्तर कैरोलिना के शीर्ष श्रम अधिकारी व श्रमायुक्त ल्यूक फार्ले ने एच-1बी, एच-1बी1 और ई-3 वीजा कार्यक्रमों के तहत विदेशी श्रमिकों को काम पर रखने के लिए नियोक्ताओं द्वारा प्रस्तावित न्यूनतम मजदूरी बढ़ाने के संघीय प्रस्ताव का समर्थन किया है। उन्होंने कहा, विदेशी वीजा कार्यक्रमों के कारण अमेरिकी श्रमिकों को नुकसान हो रहा है, क्योंकि इनसे मजदूरी की दरें घट जाती हैं और भारत समेत विदेशों से आने वाले लोग हमारी मजबूत मुद्रा का लाभ उठा लेते हैं। वह बोले, एच-1बी धारक अमेरिकी श्रमिकों से नौकरियां छीन लेते हैं। पिछले हफ्ते, मैंने ट्रंप प्रशासन द्वारा प्रस्तावित एक नए नियम के समर्थन में प्रस्ताव रखा, ताकि चीजें सुधर सकें। एजेंसी

भारत जैसे देशों में लोकप्रिय
अमेरिकी श्रम विभाग ने एच-1बी और अन्य वीजा कार्यक्रमों के तहत विदेशी कामगारों के वेतन बढ़ाने के लिए नए नियमों का प्रस्ताव रखा। यह वीजा भारत-चीन जैसे देशों में सर्वाधिक लोकप्रिय है। फार्ले ने एक पत्र में कहा, हमारे देश को कभी भी विदेशी श्रम कार्यक्रमों को अमेरिकी कामगारों के मूल्य को कम करने, उन्हें दरकिनार करने या उनकी जगह लेने का एक अप्रत्यक्ष तरीका नहीं बनने देना चाहिए।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed