World Updates: यूएन में हमास को निरस्त्र करने की मांग तेज, पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने 23 आतंकियों को किया ढेर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इस्राइल ने गाजा की नौसैनिक नाकेबंदी तोड़ने की कोशिश करने वाले सैकड़ों फ्लोटिला कार्यकर्ताओं को हिरासत के बाद निर्वासित कर दिया। करीब 420 कार्यकर्ता विमानों के जरिए तुर्किये पहुंचे, जहां इस्तांबुल एयरपोर्ट पर उन्होंने फ्री फिलिस्तीन के नारे लगाए। कई देशों ने कार्यकर्ताओं के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर इस्राइली दूतों को तलब किया। इस्राइल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-गवीर की आलोचना करते हुए कहा कि प्रदर्शनकारियों के साथ किया गया व्यवहार इस्राइल के मूल्यों के अनुरूप नहीं था। कुछ कार्यकर्ताओं ने हिरासत के दौरान मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं, हालांकि इस्राइली जेल अधिकारियों ने इन दावों को खारिज किया है। गाजा पर 2007 से लागू समुद्री नाकेबंदी को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बहस और विरोध लगातार तेज होता जा रहा है।
संयुक्त राष्ट्र में हमास को निरस्त्र करने की मांग तेज
संयुक्त राष्ट्र में गाजा युद्धविराम समझौते की निगरानी कर रहे अधिकारियों ने हमास को हथियार छोड़ने के लिए हरसंभव दबाव बनाने की अपील की है। अमेरिका समर्थित शांति बोर्ड के प्रतिनिधि निकोलाय म्लादेनोव ने कहा कि गाजा में हिंसा का हर नया दौर संघर्षविराम को कमजोर कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समाधान नहीं निकला तो गाजा का मानवीय संकट और गहरा जाएगा। म्लादेनोव ने कहा कि हमास को चरणबद्ध तरीके से हथियार छोड़ने होंगे, जबकि इस्राइल को भी युद्धविराम की शर्तों का पालन करना चाहिए। हमास ने इस रिपोर्ट की आलोचना करते हुए कहा कि इसमें इस्राइल की कथित उल्लंघनों को नजरअंदाज किया गया है। गाजा में जारी मानवीय संकट, सीमित राहत सामग्री और लगातार सैन्य तनाव को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है।
कांगो के पूर्वी हिस्से में इबोला संक्रमण को लेकर बढ़ते डर और गुस्से के बीच लोगों ने एक उपचार केंद्र में आग लगा दी। र्वामपारा कस्बे में स्थानीय युवकों ने उस समय हिंसक प्रदर्शन किया जब प्रशासन ने इबोला से मृत संदिग्ध व्यक्ति का शव परिवार को सौंपने से रोक दिया। गुस्साई भीड़ ने इलाज केंद्र में तोड़फोड़ कर आग लगा दी, जिसके बाद स्वास्थ्यकर्मियों को वहां से भागना पड़ा। अधिकारियों के मुताबिक इबोला पीड़ितों के शव बेहद संक्रामक होते हैं, इसलिए विशेष प्रोटोकॉल के तहत अंतिम संस्कार कराया जा रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कि संक्रमण के मामले आधिकारिक आंकड़ों से कहीं ज्यादा हो सकते हैं। अब तक करीब 148 संदिग्ध मौतें और लगभग 600 संभावित मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य एजेंसियों ने चेतावनी दी है कि हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं।
डेमोक्रेटिक की पोस्ट-इलेक्शन रिपोर्ट में पूर्व उपराष्ट्रपति कमला हैरिस की चुनावी रणनीति की आलोचना की गई है। रिपोर्ट में कहा गया कि हैरिस ने ग्रामीण अमेरिका की उपेक्षा की और डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ पर्याप्त आक्रामक प्रचार नहीं किया। 192 पन्नों की इस रिपोर्ट में कहा गया कि डेमोक्रेटिक पार्टी आइडेंटिटी पॉलिटिक्स पर जरूरत से ज्यादा निर्भर रही और आम मतदाताओं की आर्थिक चिंताओं को पर्याप्त महत्व नहीं दे सकी। रिपोर्ट के मुताबिक पार्टी पुरुष मतदाताओं, खासकर रंगभेद झेलने वाले समुदायों के पुरुषों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पाई। डेमोक्रेटिक रणनीतिकारों ने रिपोर्ट जारी करने में देरी और नेतृत्व की कार्यशैली पर भी नाराजगी जताई। इस रिपोर्ट ने पार्टी के भीतर 2024 चुनावी हार को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
होंडुरास के उत्तरी तटीय क्षेत्रों में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग हमलों में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार पहला हमला ट्रूजिलो नगर पालिका के एक रैंच में हुआ, जहां हथियारबंद हमलावरों ने मजदूरों पर अंधाधुंध गोलीबारी कर दी। इस हमले में कम से कम 10 कर्मचारियों की मौत हो गई। यह इलाका लंबे समय से भूमि विवाद और कृषि संघर्षों के लिए संवेदनशील माना जाता है। वहीं दूसरा हमला ग्वाटेमाला सीमा के पास ओमोआ नगर पालिका में हुआ, जहां हमलावरों ने पुलिस टीम को निशाना बनाया। इस घटना में छह पुलिसकर्मियों, जिनमें एक वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं, की जान चली गई। अधिकारियों ने दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ती हिंसा ने होंडुरास में सुरक्षा व्यवस्था और संगठित अपराध को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।
यूक्रेन ने बुधवार रात ड्रोन हमले कर रूस के अंदरुनी इलाके में तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया, जिससे उसमें आग लग गई और धुएं का गुबार देखा गया। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बृहस्पतिवार को यह दावा किया।
यूक्रेन द्वारा रूस के महत्वपूर्ण तेल उद्योग पर लंबी दूरी तक मार करने वाले हथियारों से हमला करने की यह नई घटना है। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर हमले का एक कथित वीडियो साझा करते हुए कहा कि ड्रोन ने रूस में 800 किलोमीटर से अधिक दूर स्थित सिजरान तेल रिफाइनरी को निशाना बनाया।
सिंगापुर के पास अमेरिका के पकड़े गए 20 ईरानी नाविक लौटे स्वदेश
सिंगापुर के तट के पास अमेरिका के जब्त किए गए एक जहाज पर सवार 20 ईरानी नाविक वापस ईरान लौट आए हैं। ईरानी आधिकारिक समाचार एजेंसी इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज एजेंसी (आईआरएनए) ने बृहस्पतिवार को बताया कि ईरानी विदेश मंत्री, उनके पाकिस्तानी और सिंगापुर के समकक्षों के कूटनीतिक प्रयासों के बाद इन नाविकों की घर वापसी मुमकिन हो पाई है।
अमेरिकी बुजुर्गों को धोखा दे रहा भारत का कॉल सेंटर किया बंद
वर्षों तक चली कार्रवाई के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने भारत के उस कॉल सेंटर को बंद कर दिया है, जहां से तकनीकी मदद के नाम पर धोखाधड़ी से सैकड़ों अमेरिकी बुजुर्गों से करोड़ों डॉलर की ठगी की गई। यहां के 5 टेलीमार्केटिंग जालसाजों को दोषी ठहराया गया है। एफबीआई ने कहा, कॉल सेंटर घोटाले ने सैकड़ों अमेरिकी व विदेशी बुजुर्ग पीड़ितों को निशाना बनाया।
बालेंद्र की संसद में अनुपस्थिति पर हंगामा
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की संसद से निरंतर अनुपस्थिति को लेकर बृहस्पतिवार को विपक्षी दलों के सांसदों ने सदन में जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। इसके चलते सदन की कार्यवाही बाधित हुई और अंततः सदन को स्थगित करना पड़ा। गत सप्ताह सत्र शुरू होने के बाद से तीसरी बार विपक्ष ने बालेंद्र शाह की अनुपस्थिति के विरोध में प्रतिनिधि सभा की कार्यवाही को बाधित किया और बैठकों का बहिष्कार किया। विपक्ष के हंगामे के कारण स्पीकर डीपी अर्याल ने सदन को आधे घंटे के लिए स्थगित कर दिया।
म्यांमार सेना ने विद्रोहियों से वापस छीने दो रणनीतिक शहर
म्यांमार की सैन्य सरकार ने भारत और थाईलैंड सीमाओं के पास स्थित दो प्रमुख शहरों पर फिर से नियंत्रण पा लिया है। इसे गृहयुद्ध में सेना की बड़ी बढ़त माना जा रहा है। सरकारी अखबार म्यांमा अलिन के अनुसार, टोंजांग शहर को 10 दिनों के सैन्य अभियान के बाद बुधवार को कब्जे में ले लिया। इससे पहले सेना ने थाईलैंड व्यापार के लिए अहम मवटौंग शहर को दो सप्ताह की कार्रवाई के बाद वापस छीन लिया।
रूस ने बेलारूस के फील्ड स्टोरेज में पहुंचाए परमाणु हथियार
रूस ने बड़े परमाणु अभ्यास के तहत बेलारूस स्थित फील्ड स्टोरेज केंद्रों पर परमाणु हथियार पहुंचा दिए हैं। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को इसकी पुष्टि की। मंत्रालय के मुताबिक, अभ्यास के तहत परमाणु हथियारों को बेलारूस में मिसाइल ब्रिगेड के निर्धारित क्षेत्र में सुरक्षित पहुंचाया गया है। वहां मौजूद मिसाइल यूनिट को मोबाइल इस्कंदर-एम टैक्टिकल मिसाइल सिस्टम के लिए विशेष हथियार प्राप्त करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें हथियारों को लॉन्च वाहनों पर लोड करना और लॉन्चिंग क्षेत्र तक जाने का अभ्यास शामिल है।
भारतीय निर्यातकों को अमेरिका में उत्पाद बेचना सिखाएगा दूतावास
न्यूयॉर्क स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास 29 मई को भारतीय निर्यातकों और एमएसएमई के लिए एक विशेष वेबिनार आयोजित करेगा। वॉलमार्ट के सहयोग से होने वाले इस कार्यक्रम का विषय डिस्कवर पाथवेज फॉर एक्सपोर्ट टू यूएसए है। इसका मकसद भारतीय सामान को अमेरिकी रिटेल स्टोर वॉलमार्ट तक पहुंचाने के लिए जरूरी नियमों और सप्लाई चेन की जानकारी देना है। वॉलमार्ट के 19 देशों में 10,750 से अधिक स्टोर हैं।
बेल्जियम: तिब्बती युवाओं के लिए जागरूकता कार्यशाला
बेल्जियम स्थित रीजनल ग्लोबल तिब्बती पीपुल्स मूवमेंट फॉर द मिडिल वे अप्रोच ने तिब्बती युवाओं के लिए 5वीं कार्यशाला आयोजित की। सेंट्रल तिब्बती एडमिनिस्ट्रेशन के अनुसार, इसमें 57 प्रतिभागी शामिल हुए। कार्यक्रम में तिब्बती मुद्दे, मिडिल वे पॉलिसी और वर्तमान घटनाक्रमों पर चर्चा की गई। संगठन के अध्यक्ष ल्हामो धोंडुप ने युवाओं को अपनी पहचान और संघर्ष पर जोर दिया। इस दौरान 31 वर्षों से लापता 11वें पंचेन लामा गेडुन चोकी न्यिमा की रिहाई की अपील की गई।
पाकिस्तान के अशांत प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। बुधवार और गुरुवार को चले विशेष अभियानों में पाकिस्तानी सेना ने 23 आतंकियों को ढेर कर दिया। सेना की मीडिया विंग (ISPR) ने शुक्रवार को इस कार्रवाई की जानकारी दी। सैनिकों ने खुफिया जानकारी के आधार पर दत्ता खेल, स्पिनवाम और बन्नू सहित कई इलाकों में छापेमारी की। इस दौरान आतंकियों के साथ सुरक्षा बलों की भीषण मुठभेड़ हुई। मारे गए आतंकियों में एक खतरनाक वांटेड आतंकी जान मीर उर्फ तूर साकिब भी शामिल है। साकिब सुरक्षाकर्मियों और आम नागरिकों की हत्या के कई मामलों में शामिल था। उसकी मौत से इलाके में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को गहरा धक्का लगा है।
पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किए हैं। इसके अलावा, सेना ने जमीन के नीचे बनी सुरंगों और बंकरों के नेटवर्क को भी खोज निकाला और उन्हें पूरी तरह नष्ट कर दिया। फिलहाल प्रभावित इलाकों में बचे हुए आतंकियों को खत्म करने के लिए तलाशी अभियान जारी है। पाकिस्तान ने अपने 'अज्म-ए-इस्तेहकाम' अभियान के तहत आतंकवाद के खिलाफ इन कार्रवाइयों को तेज कर दिया है।