Best EV Tips: नई इलेक्ट्रिक कार खरीदने से पहले इन पांच बातों को न करें नजरअंदाज, सही ईवी चुनना होगा आसान
Electric Vehicle: अगर पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों और कम रनिंग कॉस्ट की वजह से आप भी नई ईवी खरीदने का प्लान बना रहे हैं। तो मार्केट में इसके कई विकल्प मौजूद हैं, लेकिन एक गलत फैसला आपकी जेब पर भारी पड़ सकता है। ऐसे में आइए जानते हैं कि इलेक्ट्रिक कार खरीदने से पहले कौन सी पांच बातों का ध्यान रखना चाहिए...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कम रनिंग कॉस्ट और कम मेंटनेंस खर्च की वजह से अब कई लोग पेट्रोल और डीजल कारों की जगह ईवी को प्राथमिकता दे रहे है। वहीं, सरकार भी लगातार इसे अपनाने की अपील कर रही है। हालांकि इलेक्ट्रिक कार की कीमत पारंपरिक कारों की तुलना में अधिक होती है। ऐसे में खरीदारी से पहले कुछ जरूरी बातों पर ध्यान देना बेहद जरूरी है। आइए जानते हैं वे पांच बातें, जो सही इलेक्ट्रिक कार चुनने में आपकी मदद करेंगी।
1. सबसे पहले कार की रेंज पर दें ध्यान
- अगर आप पहली बार ईवी खरीद रहे हैं, तो याद रहे कि इलेक्ट्रिक कार खरीदते समय सबसे महत्वपूर्ण चीज उसकी ड्राइविंग रेंज होती है। यानी एक बार फुल चार्ज होने के बाद कार कितनी दूरी तय कर सकती है। अब बाजार में 500 किलोमीटर या उससे अधिक रेंज का दावा करने वाली कई ईवी उपलब्ध हैं।
- हालांकि, वास्तविक सड़क पर मिलने वाली रेंज कंपनी के दावे से कुछ कम हो सकती है। इसलिए अपनी रोजमर्रा की जरूरत और सफर की दूरी को ध्यान में रखकर ही रेंज का चुनाव करें।
2. बजट और सरकारी छूट की पूरी जानकारी लें
- रेंज के बाद आता है आपका बजट। हालांकि यह सबसे जरूरी बात होती है, कार खरीदने के लिए। आज बाजार में अलग-अलग कीमतों पर कई इलेक्ट्रिक कारें उपलब्ध हैं।
- कार खरीदने से पहले केवल एक्स-शोरूम कीमत ही नहीं, बल्कि रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस और अन्य खर्चों को भी जोड़कर देखें। कई राज्यों में नई इलेक्ट्रिक कार खरीदने पर सरकारी सब्सिडी या अन्य लाभ भी मिलते हैं। अगर बजट सीमित है, तो अच्छी स्थिति वाली सेकेंड-हैंड इलेक्ट्रिक कार भी एक विकल्प हो सकती है।
3. अपनी जरूरत के हिसाब से चुनें सही ईवी
- सिर्फ इसलिए इलेक्ट्रिक कार न खरीदें क्योंकि वह नई तकनीक वाली है। यह भी देखें कि वह आपकी रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करती है या नहीं।
- कार खरीदने से पहले केबिन स्पेस, बूट स्पेस और जरूरी फीचर्स जैसे एसी, इंफोटेनमेंट सिस्टम और अन्य सुविधाओं की जांच जरूर करें।
4. खरीदने से पहले टेस्ट ड्राइव जरूर करें
- इलेक्ट्रिक कार का ड्राइविंग अनुभव पेट्रोल या डीजल कार से अलग होता है। इसमें इंजन की आवाज नहीं होती और एक्सीलेटर दबाते ही तुरंत पिकअप मिलता है।
- कई ईवी में रीजेनरेटिव ब्रेकिंग का फीचर भी मिलता है, जो ब्रेक लगाने पर बैटरी को चार्ज करने में मदद करता है। इसलिए खरीदारी से पहले टेस्ट ड्राइव लेकर कार की परफॉर्मेंस और कम्फर्ट का अनुभव जरूर करें।
5. चार्जिंग की व्यवस्था पहले से तय करें
- इन सभी से पहले यह सोचना बेहद जरुरी है कि आप कार खरीदने के बाद उसे चार्ज कहां करेंगे? अगर घर पर चार्ज करना चाहते हैं, तो पहले उपयुक्त चार्जिंग पॉइंट या चार्जर की व्यवस्था कर लें।
- वहीं, अगर आप सार्वजनिक चार्जिंग स्टेशनों पर निर्भर रहेंगे, तो यह सुनिश्चित करें कि घर, ऑफिस या नियमित रूट के आसपास फास्ट चार्जिंग स्टेशन उपलब्ध हों। इससे रोजमर्रा के इस्तेमाल में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
क्या सही ईवी चुनने के लिए सिर्फ रेंज ही काफी है?
बिल्कुल नहीं...रेंज के साथ बजट, चार्जिंग सुविधा, रोजमर्रा की जरूरतें और टेस्ट ड्राइव जैसे पहलुओं पर भी ध्यान देना जरूरी है। इन सभी बातों को ध्यान में रखकर ही आप ऐसी इलेक्ट्रिक कार चुन पाएंगे, जो लंबे समय तक आपकी जरूरतों पर खरी उतरे।