EV: कनाडा की नई ऑटो नीति, जानें क्या है उनकी ईवी उत्पादन बढ़ाने और अमेरिका पर निर्भरता घटाने की बड़ी योजना
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने एक नई ऑटोमोटिव स्ट्रेटेजी की घोषणा की, जिसका मकसद कनाडा की अमेरिका पर निर्भरता कम करना है। साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों के उत्पादन को तेज करना है।
विस्तार
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने एक नई व्यापक ऑटोमोबाइल रणनीति की घोषणा की है। जिसका उद्देश्य अमेरिका पर निर्भरता कम करना, देश में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) उत्पादन को तेज करना और बदलते वैश्विक व्यापार परिदृश्य में ऑटो सेक्टर के कर्मचारियों की सुरक्षा करना है।
सरकारी बयान के अनुसार, फिलहाल कनाडा में निर्मित 90 प्रतिशत से अधिक वाहन और लगभग 60 प्रतिशत ऑटो पार्ट्स अमेरिका को निर्यात किए जाते हैं। इससे यह क्षेत्र व्यापारिक झटकों के प्रति अत्यधिक संवेदनशील बना हुआ है।
नई नीति के तहत कंपनियों को क्या टैक्स राहत मिलेगी?
नई रणनीति के तहत सरकार शून्य-उत्सर्जन तकनीक से जुड़ी कंपनियों को प्रोत्साहित करने के लिए उत्पादकता आधारित टैक्स कटौती और कम कॉर्पोरेट टैक्स दरों जैसी रियायतें देगी।
इन मानकों के लागू होने के बाद सरकार इलेक्ट्रिक व्हीकल अवेलेबिलिटी स्टैंडर्ड को भी वापस ले सकेगी। जिससे वाहन निर्माताओं को उत्सर्जन लक्ष्यों को पूरा करने के लिए विभिन्न तकनीकों का इस्तेमाल करने की अधिक छूट मिलेगी।
ईवी को आम लोगों के लिए सस्ता कैसे बनाया जाएगा?
घरेलू मांग बढ़ाने के लिए सरकार ने 2.3 अरब डॉलर के पांच वर्षीय ईवी अफोर्डेबिलिटी प्रोग्राम की घोषणा की है।
इस योजना के तहत:
-
बैटरी इलेक्ट्रिक और फ्यूल सेल वाहनों की खरीद या लीज पर 5,000 डॉलर तक की प्रोत्साहन राशि
-
प्लग-इन हाइब्रिड वाहनों पर 2,500 डॉलर तक की सहायता
दी जाएगी, ताकि ज्यादा लोग इलेक्ट्रिक वाहनों को अपना सकें।
चार्जिंग और हाइड्रोजन ढांचे पर कितना निवेश होगा?
सरकार कनाडा इंफ्रास्ट्रक्चर बैंक के माध्यम से ईवी चार्जिंग और हाइड्रोजन रिफ्यूलिंग नेटवर्क के विस्तार के लिए 1.5 अरब डॉलर का निवेश करेगी। इसका उद्देश्य इलेक्ट्रिक और वैकल्पिक ईंधन वाहनों के उपयोग को आसान बनाना है।
व्यापार नीति में क्या बदलाव किए जाएंगे?
व्यापार मोर्चे पर, कनाडा सरकार अमेरिका से आयात होने वाले वाहनों पर लगाए गए जवाबी शुल्क (काउंटर-टैरिफ) को जारी रखेगी। इसके साथ ही ऑटोमोबाइल रिमिशन फ्रेमवर्क को मज़बूत किया जाएगा, ताकि कनाडा में उत्पादन करने वाली कंपनियों को प्राथमिकता मिल सके।
ऑटो कर्मचारियों के लिए क्या सुरक्षा कदम हैं?
इस रणनीति में श्रमिकों के लिए भी कई अहम प्रावधान शामिल हैं:
-
नया वर्क-शेयरिंग ग्रांट
-
उद्योग और श्रमिक संगठनों को जोड़ने वाला राष्ट्रीय वर्कफोर्स एलायंस
-
66,000 तक कर्मचारियों के पुनः प्रशिक्षण और रोजगार सहायता के लिए 570 मिलियन डॉलर का फंड
सरकार का लक्ष्य क्या है?
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा कि कनाडा की नई सरकार अर्थव्यवस्था में बुनियादी बदलाव कर रही है। उन्होंने कहा कि ये कदम एक मजबूत, आत्मनिर्भर और भविष्य-उन्मुख कनाडाई ऑटो सेक्टर बनाने के लिए उठाए गए हैं।