Ducati: डुकाटी Superleggera V4 Centenario से उठा पर्दा, 100वीं सालगिरह पर आई दुनिया की सबसे खास सुपरबाइक
Ducati Superleggera V4 Centenario: डुकाटी ने अपनी 100वीं सालगिरह के जश्न को यादगार बनाते हुए अपनी नई और बेहद एक्सक्लूसिव सुपरबाइक 2027 Superleggera V4 Centenario से पर्दा उठा दिया है। दुनिया भर में इसके सिर्फ 500 मॉडल्स ही बेचे जाएंगे। कार्बन-फाइबर से बनी यह हल्की लेकिन दमदार बाइक 247 bhp की बेतहाशा पावर जनरेट करती है और इसमें दुनिया में पहली बार रोड-लीगल कार्बन-सिरेमिक ब्रेक का इस्तेमाल किया गया है।
विस्तार
डुकाटी ने अपनी 100वीं सालगिरह का जश्न मनाते हुए नई 2027 Superleggera V4 Centenario की पहली झलक दिखा दी है। यह एक बेहद एक्सक्लूसिव सुपरबाइक है। पूरी दुनिया में इसके सिर्फ 500 मॉडल ही बनाए जाएंगे। इसके अलावा, 100 एक्स्ट्रा यूनिट्स को एक खास 'तिरंगा' (ट्राईकलर) फिनिश में पेश किया जाएगा। इटली के बोलोग्ना में पेश की गई यह बाइक डुकाटी के 7th-जेनरेशन सुपरबाइक प्लेटफॉर्म पर बनी है। यह पूरी तरह से रोड-लीगल है, लेकिन ट्रैक पर यह रेसिंग बाइक जैसी परफॉरमेंस देने के लिए डिजाइन की गई है।
दमदार इंजन और पावर
इस बाइक में एक नया 1,103 cc का Desmosedici Stradale R 1100 V4 इंजन दिया गया है, जो पुरानी Superleggera के मुकाबले कहीं ज्यादा पावरफुल है। आम सड़कों पर चलाने की बात करें तो यह इंजन 14,500 rpm पर 228 bhp की शानदार पावर और 10,500 rpm पर 117 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। वहीं, अगर इसे ट्रैक या रेसिंग सेटअप के लिए तैयार किया जाए तो Akrapovic रेसिंग एग्जॉस्ट और खास परफॉरमेंस ऑइल के इस्तेमाल से इसकी परफॉरमेंस और भी खतरनाक हो जाती है। तब इसकी पावर 14,750 rpm पर 247 bhp और टॉर्क 126.2 Nm तक पहुंच जाता है। इसके अलावा, टाइटेनियम और टंगस्टन जैसे बेहद हल्के और मजबूत मेटल्स का इस्तेमाल करने की वजह से इस इंजन का कुल वजन भी पहले के मुकाबले 3.6 किलोग्राम कम हो गया है। ये इसे और भी ज्यादा फुर्तीला बनाता है।
हल्का वजन और कार्बन फाइबर का जादू
इस सुपरबाइक का चेसिस, सबफ्रेम और पहिए पूरी तरह से कार्बन फाइबर से बने हैं। इन्हें तैयार करने के लिए सीधे MotoGP और फॉर्मूला 1 कारों वाली एडवांस तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इन हल्के मैटेरियल्स की बदौलत, सड़क पर चलाने के लिए इसका कुल वजन (बिना पेट्रोल) मात्र 173 किलोग्राम है। वहीं, अगर इसमें रेसिंग किट लगा दी जाए तो इसका वजन और भी घटकर सिर्फ 167 किलोग्राम रह जाता है। वजन को कम रखने के इस जुनून का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुराने एल्युमीनियम पार्ट्स के मुकाबले इस बाइक का नया कार्बन फ्रंट फ्रेम 17 प्रतिशत और स्विंगआर्म 21 प्रतिशत ज्यादा हल्का है, जो इसे ट्रैक पर बेहतरीन बैलेंस और हवा से बात करने की रफ्तार देता है।
ब्रेक और सस्पेंशन में हुए वर्ल्ड-फर्स्ट बदलाव
इस सुपरबाइक के ब्रेक और सस्पेंशन में कई ऐसे बदलाव किए गए हैं जो किसी प्रोडक्शन बाइक में दुनिया में पहली बार देखने को मिल रहे हैं। यह दुनिया की पहली ऐसी रोड-लीगल बाइक बन गई है, जिसमें कार्बन-सिरेमिक ब्रेक डिस्क का इस्तेमाल किया गया है। मशहूर कंपनी Brembo के जरिए तैयार किए गए इन 340 mm डिस्क की वजह से, पारंपरिक स्टील डिस्क के मुकाबले हर डिस्क का वजन 450 ग्राम तक कम हो गया है। वहीं, इसके सस्पेंशन सिस्टम की बात करें तो, इसके फ्रंट में Ohlins NPX 25/30 कार्बन फोर्क्स दिए गए हैं, जो कि स्टैंडर्ड यूनिट से 10 प्रतिशत ज्यादा हल्के हैं। इसके अलावा, बेहतरीन कंट्रोल और बैलेंस के लिए बाइक के पिछले हिस्से में टाइटेनियम लिंकेज के साथ Ohlins TTX36 GP LW शॉक एब्जॉर्बर लगाया गया है, जो तेज रफ्तार और तीखे मोड़ों पर राइडर को शानदार अनुभव देता है।
स्मार्ट राइडिंग फीचर्स
इस खास Centenario एडिशन को पूरी तरह से स्मार्ट और सुरक्षित बनाने के लिए, इसके सभी इलेक्ट्रॉनिक्स को खास तौर पर कैलिब्रेट किया गया है। ट्रैक और सड़क पर राइडर को बेहतरीन कंट्रोल देने के लिए इसमें ट्रैक्शन कंट्रोल, कॉर्नरिंग ABS, व्हीली कंट्रोल, स्लाइड कंट्रोल और पावर लॉन्च जैसे कई शानदार एडवांस फीचर्स शामिल किए गए हैं। इसके अलावा, इस सुपरबाइक का एक और दिलचस्प फीचर इसका नया 'डायनामिक इंजन ब्रेक' फंक्शन है। ये सिस्टम किसी भी तीखे मोड़ पर मुड़ते समय ब्रेक को अपने आप इस तरह एडजस्ट कर लेता है, जो बिल्कुल प्रोफेशनल रेसर्स की ब्रेकिंग तकनीक की नकल करता है। इससे राइडर को हर मोड़ पर जबरदस्त कॉन्फिडेंस और सुरक्षा मिलती है।
डिलीवरी के साथ मिलेंगे खास तोहफे
इस एक्सक्लूसिव सुपरबाइक की डिलीवरी भी बेहद खास और शाही अंदाज में की जाएगी। ग्राहकों को यह बाइक एक विशेष लकड़ी के क्रेट में डिलीवर की जाएगी। इसके साथ ही, हर खरीदार को कंपनी की तरफ से प्रामाणिकता का प्रमाण पत्र, एक खास मोटरसाइकिल कवर, मैट और फ्रंट/रियर पैडॉक स्टैंड जैसे प्रीमियम तोहफे मिलेंगे। इस बाइक की एक्सक्लूसिविटी को और बढ़ाने के लिए, हर मॉडल का अपना एक खास प्रोडक्शन नंबर होगा। इसे लेजर की मदद से टॉप योक, इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और रेसिंग फ्यूल कैप पर उकेरा जाएगा। और सबसे बड़ा मेगा बोनस यह है कि इसे खरीदने वाले पहले 26 लकी ग्राहकों को इसी साल 6 और 7 जुलाई, 2026 को 'MotoGP Experience' में हिस्सा लेने का शानदार मौका मिलेगा, जहां वे कंपनी की धांसू रेसिंग मशीन DesmosediciGP26 को खुद ट्रैक पर चला सकेंगे।