Monsoon Bike Safety Tips: बारिश में बाइक खराब होने से बचानी है? मानसून से पहले करें ये जरूरी काम
Monsoon Bike Safety Tips: मानसून के सुहावने मौसम में बाइक चलाने का मजा ही कुछ और है, लेकिन जलभराव और कीचड़ के कारण बाइक के खराब होने का खतरा भी बढ़ जाता है। इस लेख के जरिए जानेंगे बारिश शुरू होने से पहले अपनी बाइक के जरूरी पार्ट्स की जांच कैसे करें और खराब रास्तों पर सुरक्षित राइडिंग के लिए किन बातों का ध्यान रखें, ताकि आपकी मानसून राइडिंग मजेदार और सुरक्षित रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बारिश के मौसम में बाइक चलाने का अपना ही एक अलग मजा है। ठंडी हवा और सुहावना मौसम हर राइडर को पसंद आता है। लेकिन, यह मौसम अपने साथ जलभराव, कीचड़, गड्ढे और कम विजिबिलिटी जैसी कई परेशानियां भी लेकर आता है।
अगर मानसून में बाइक का सही ध्यान न रखा जाए, तो बीच रास्ते में इसके खराब होने या एक्सीडेंट का खतरा काफी बढ़ जाता है। इसलिए, बारिश शुरू होने से पहले अपनी मोटरसाइकिल या स्कूटर को तैयार करना बहुत जरूरी है। आइए समझते हैं कि मानसून में बाइक की देखभाल कैसे करें:
टायर और ब्रेक्स
बारिश में सड़क पर बाइक को फिसलने से बचाने के लिए ये दोनों सबसे जरूरी हैं।
- टायर: चेक करें कि आपके टायर घिसे हुए न हों और उनमें अच्छी ग्रिप बची हो। टायर में हवा का प्रेशर कंपनी के बताए अनुसार रखें। अगर टायर साइड से कट या फट रहा है, तो उसे बदलवा लें।
- ब्रेक्स: ब्रेक पैड, डिस्क और ब्रेक ऑयल का लेवल चेक करें। अगर बाइक में ड्रम ब्रेक हैं, तो उन्हें मैकेनिक से टाइट करवा लें। अगर ब्रेक लगाने पर कोई अजीब सी आवाज आती है या ब्रेक ढीले लगते हैं, तो तुरंत ठीक करवाएं।
चेन और लाइट्स
- ड्राइव चेन: बारिश के पानी और कीचड़ की वजह से बाइक की चेन में बहुत जल्दी जंग लग जाती है। इससे बचने के लिए चेन को अच्छे से साफ करें और समय-समय पर चेन ल्यूब (तेल) डालते रहें।
- लाइट्स: बारिश में अक्सर अंधेरा छा जाता है और दूर तक देखना मुश्किल होता है। इसलिए अपनी हेडलाइट, टेललाइट, ब्रेक लाइट और सभी इंडिकेटर्स चेक कर लें कि वे ठीक से जल रहे हैं या नहीं।
बैटरी और वायरिंग
बैटरी: कमजोर बैटरी या तारों के ढीले कनेक्शन की वजह से बारिश में बाइक स्टार्ट होने में बहुत दिक्कत करती है। बैटरी के टर्मिनल्स (खूंटियों) पर अगर जंग या सफेद पाउडर जमा है, तो उसे साफ करवा लें।
इलेक्ट्रिकल वायरिंग: आजकल की बाइक्स में बहुत सारे सेंसर्स और इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स होते हैं। पूरी वायरिंग चेक करें कि कहीं से कोई तार कटा-छिला न हो। कटे हुए तार में पानी जाने से शॉर्ट-सर्किट हो सकता है।
सस्पेंशन और साफ-सफाई
- सस्पेंशन: बारिश के मौसम में सड़कों पर गड्ढे बहुत बढ़ जाते हैं। ऐसे में बाइक के सस्पेंशन का सही होना बहुत जरूरी है। चेक करें कि कहीं से कोई ऑयल लीक तो नहीं हो रहा है और हैंडल ठीक से काम कर रहा है।
- रोजाना धुलाई: कीचड़ और गंदे पानी की वजह से बाइक के लोहे वाले पार्ट्स में बहुत तेजी से जंग लगती है। इसलिए बारिश के दिनों में बाइक को समय-समय पर साफ पानी से धोएं और सूखे कपड़े से पोछें।
बारिश में सुरक्षित राइडिंग के टिप्स
बाइक के साथ-साथ आपकी खुद की सुरक्षा भी बहुत जरूरी है। बारिश में राइडिंग करते समय इन बातों का ध्यान रखें:
- सही गियर पहनें: खुद को भीगने और ठंड से बचाने के लिए एक अच्छी क्वालिटी का रेनकोट, वाटरप्रूफ ग्लव्स, राइडिंग बूट्स और फुल फेस हेलमेट का इस्तेमाल करें।
- जलभराव से दूर रहें: जहां तक हो सके, पानी से भरी सड़कों पर जाने से बचें। गंदे पानी के नीचे कोई खुला गटर या बड़ा गड्ढा छिपा हो सकता है जो हादसे का कारण बन सकता है।
- पानी से कैसे निकलें: अगर पानी से भरे रास्ते से निकलना मजबूरी ही हो, तो बाइक को पहले गियर में बहुत धीरे-धीरे निकालें। पानी से बाहर आने के बाद थोड़ा-थोड़ा ब्रेक दबाकर चलें, ताकि ब्रेक पैड सूख जाएं और जरूरत पड़ने पर सही से काम करें।