बिहार लहूलुहान: एक दिन में छह बड़े हत्याकांड; युवक, महिला और मासूमों को भी मार डाला, जानिए कहां क्या हुआ?
Bihar News : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के चार दिन पहले, सोमवार को बिहार में एक साथ छह बड़े हत्याकांड ने सुशासन को कठघरे में ला खड़ा किया है। पांच साल के बच्चे, 13 साल की बच्ची के साथ बेटी, पत्नी, दादी और एक युवक को मारने का मामला सामने आया है।
विस्तार
बिहार में सोमवार का दिन वारदातों के नाम रहा। एक दिन में इतने मर्डर हुए कि सुशासन पर ही सवाल उठने लगा। विपक्ष के नेता सीधा सवाल उठाने लगे कि क्या बिहार में यह क्या और क्यों हो रहा है? बेगूसराय, गोपालगंज, जहनाबाद, मधेपुरा, मुंगेर और मोतिहारी में लोगों की मौत से हड़कंप मच गया। आइये जानते हैं कहां क्या हुआ?
बेगूसराय में युवक की हत्या
बेगूसराय के परिहारा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया जारी है।
गोपालगंज में बेटी की हत्या
गोपालगंज के कटेया थाना क्षेत्र के गौरा गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सनकी पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की टेबल फैन से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज होकर पिता ने इस वारदात को अंजाम दिया। मृतका की पहचान मोनिका के रूप में हुई है। वह बी.ए. की छात्रा थी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
जहानाबाद में पांच साल के बच्चे की हत्या
जहानाबाद जिले के लोदीपुर स्थित एक गुरुकुल हॉस्टल में सोमवार को पांच वर्षीय बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गुहापाकड़ गांव निवासी धनंजय कुमार के पुत्र आशु कुमार के रूप में हुई है, जो यूकेजी का छात्र था। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने गया-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-22 को जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
पढ़ें: सीएम नीतीश की अध्यक्षता में राहत कोष न्यासी परिषद की 24वीं बैठक, 4.70 करोड़ की सहायता को मंजूरी
मधेपुरा में पति ने पत्नी को मार डाला
मधेपुरा जिले के बेलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगारही वार्ड संख्या-4 में रविवार रात अवैध संबंध के शक में एक सनकी पति ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी और शव को घर से करीब आधा किलोमीटर दूर बांसबाड़ी में गड्ढा खोदकर दफना दिया। मृतका की पहचान त्रिफुल देवी (36) पति सुरेश ऋषिदेव के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी पति ने खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मुंगेर ने सास को पीट-पीटकर मार डाला
मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर प्रखंड अंतर्गत लोहची गांव में पैसों के विवाद ने भयावह रूप ले लिया। बड़ी बहू और उसके बेटों पर वृद्ध सास की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। घटना रविवार देर शाम शामपुर थाना क्षेत्र में हुई। 65 वर्षीय उर्मिला देवी अपने छोटे बेटे और बहू के साथ गांव में रहती थीं, जबकि उनके बड़े बेटे राजीव यादव और रंजीत यादव दिल्ली में काम करते हैं। आरोप है कि बड़ी बहू लाली देवी का उर्मिला देवी से पैसों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था और वह उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करती थी।
मधेपुरा में छात्रा की संदिग्ध मौत
मधेपुरा जिले के ग्वालपाड़ा प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में रविवार रात कक्षा आठ की एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान ग्वालपाड़ा थाना क्षेत्र के मझुआ वार्ड पांच निवासी बबलू शर्मा की पुत्री संतोषी कुमारी (13) के रूप में हुई है। वह अपनी छोटी बहन अंशु कुमारी के साथ पिछले दो वर्षों से विद्यालय में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
जानिए नेता प्रतिपक्ष ने क्या कहा?
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार देश में सबसे अधिक हिंसक अपराध और अपहरण जैसी घटना में नंबर एक पर है। एनडीए सरकार में व्यापारी, आम नागरिक, महिला कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और भाजपा-जदयू ‘मेरा सीएम-तेरा सीएम’ में व्यस्त है।