Bihar News: बिहार के इस जिले में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गई बाइक सवार की जान
Bihar News: सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद ग्रामीणों ने आक्रोश में सड़क जाम कर दिया और प्रशासन से स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की, जिसके बाद पुलिस के हस्तक्षेप से स्थिति नियंत्रित हुई।
विस्तार
सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सतजोड़ा-लखनपुर मुख्य मार्ग पर मुरली मठ गांव के समीप बुधवार देर शाम एक अज्ञात अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृत युवक की पहचान मुरली मठ गांव निवासी हरिनारायण गिरि के 35 वर्षीय पुत्र राजू गिरि के रूप में हुई है।
लखनपुर बाजार जा रहा था मृतक
घटना के संबंध में बताया जाता है कि राजू गिरि बुधवार की देर शाम अपने घर से बाइक पर सवार होकर लखनपुर बाजार जा रहा था। ग्रामीण सड़क पार कर वह जैसे ही सतजोड़ा-लखनपुर मुख्य मार्ग पर पहुंचा, तभी सतजोड़ा की ओर से आ रहे एक अज्ञात अनियंत्रित वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
रास्ते में युवक ने तोड़ा दम
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा आनन-फानन में उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया। परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने सड़क किया जाम
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सतजोड़ा-लखनपुर मुख्य मार्ग पर शव रखकर जाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने मांग की कि यहां अविलंब स्पीड ब्रेकर बनाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
ये भी पढ़ें: बिहार सरकार के मंत्री पर राजद ने फिर उठाया सवाल; पूछा- विभाग का कैलेंडर या निजी ... का ?
मौके पर पहुंची पुलिस
सड़क जाम की सूचना मिलते ही पानापुर थाने के थानाध्यक्ष राजा कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और किसी तरह समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया है। वहीं अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.