सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Bihar ›   25-year-old youth murdered his body burnt police engaged in investigation madhubani bihar

Bihar: हत्यारों ने मारने के बाद शव जला भी दिया; नोएडा लौटने में हुई देर, पहुंची मौत की खबर

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मधुबनी Published by: दरभंगा ब्यूरो Updated Thu, 28 May 2026 09:27 AM IST
विज्ञापन
सार

Bihar: मधुबनी जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय युवक सुभाष यादव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने जमीन विवाद में हत्या कर शव को जलाकर साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाया है। एफएसएल टीम ने कथित दाह संस्कार स्थल से अवशेष बरामद कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है।

25-year-old youth murdered his body burnt police engaged in investigation madhubani bihar
घटनास्थल पर जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

मधुबनी जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के ठठरी गांव में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अकेले घर में सो रहे 25 वर्षीय युवक की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को गोबर के गोरहा में जला दिया गया। परिजनों को सूचना दिए बिना गांव से दो किलोमीटर दूर खेत में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक की पहचान बड़े लाल यादव के पुत्र सुभाष यादव के रूप में हुई है। सुभाष यादव अपने माता-पिता, भाई, पत्नी और बच्चे के साथ नोएडा में रहकर मजदूरी करता था। अप्रैल माह में चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए वह परिवार के साथ गांव आया था। शादी के बाद माता-पिता और छोटा भाई प्रभाष यादव वापस नोएडा लौट गए, जबकि आधार कार्ड में त्रुटि सुधार कराने के लिए सुभाष गांव में ही रुक गया था। उसकी पत्नी चंपा देवी अपने मायके गई हुई थी।



फोन पर मिली मौत की सूचना
मृतक के छोटे भाई प्रभाष यादव ने फोन पर बताया कि उन्हें अन्य स्रोतों से भाई की मौत की सूचना मिली। जब उन्होंने चाचा से जानकारी ली तो पहले फांसी लगाकर आत्महत्या करने की बात कही गई। प्रभाष ने शव का वीडियो दिखाने को कहा तो बताया गया कि दाह संस्कार कर दिया गया है। इसके बाद प्रभाष ने चाचा समेत परिवार के अन्य लोगों पर साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि चाचा के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।
विज्ञापन
विज्ञापन


ससुराल पक्ष को भी नहीं दी गई जानकारी
मृतक के ससुराल वालों को भी घटना की जानकारी किसी अन्य माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही लखनौर थाना क्षेत्र के सोनरे गांव निवासी मृतक के साले गांव पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
विज्ञापन


मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों को सूचना दी गई। इसके बाद डीएसपी झंझारपुर सुबोध कुमार सिन्हा, रुद्रपुर थानाध्यक्ष मंजूला मिश्र और प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश रौशन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कथित दाह संस्कार स्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जलाए गए स्थल की खुदाई की और वहां से शव के अवशेष तथा हड्डियां बरामद कीं। सभी अवशेषों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

हत्या की प्राथमिकी दर्ज
मृतक के साले चंदन यादव के लिखित आवेदन पर रुद्रपुर थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मृतक के पड़ोसी ललित यादव को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।

पुलिस ने कही सख्त कार्रवाई की बात
रुद्रपुर थानाध्यक्ष मंजूला मिश्र ने बताया कि मामले की हर बिंदु पर जांच की जा रही है। फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। सभी नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। वहीं डीएसपी सुबोध कुमार सिन्हा ने बताया कि संदिग्ध परिस्थितियों में एक व्यक्ति की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। एफएसएल टीम भी साक्ष्य जुटाने का काम कर रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


ये भी पढ़ें: बकरीद के मौके पर ईदगाह में उमड़ी हजारों की भीड़, मांगी गई अमन-चैन की दुआ, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

गांव में तनाव का माहौल
घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में पुलिस कैंप कर रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed