Bihar: 17 दिन की दुल्हन रातों-रात प्रेमी संग फरार! गहने और 45 हजार नकद लेकर पति को सोता छोड़ भागी पत्नी
Bihar: दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में शादी के महज 17 दिन बाद एक नवविवाहिता अपने कथित प्रेमी के साथ फरार हो गई। पीड़ित परिवार का आरोप है कि महिला गहने-जेवर और 45 हजार रुपये नकद लेकर घर से भागी है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दरभंगा के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र में 17 दिन पहले ब्याही गई नवविवाहिता अंजली अपने ससुराल से प्रेमी के साथ फरार हो गई है। वह अपने साथ गहने-जेवर और करीब 45 हजार रुपये नकद भी ले गई है। इस मामले को लेकर पीड़ित सूरज कुमार के पिता बृज चौपाल ने प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने बहू के अपने प्रेमी चंद्रकिशोर चौपाल के साथ चले जाने की बात कही है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि नई नवेली दुल्हन अपने पति के साथ कमरे में सो रही थी, लेकिन रात में पति को सोता छोड़कर फरार हो गई। काफी खोजबीन के बाद पता चला कि वह जाले थाना क्षेत्र के देवरा गांव में अपने प्रेमी चंद्रकिशोर चौपाल के साथ रह रही है।
शादी के 17 दिन बाद घर से गायब हुई दुल्हन
घटना के संबंध में बृज चौपाल ने बताया कि उनके बेटे सूरज कुमार की शादी 13 मई को मधुबनी जिले के पतौना औसराही गांव निवासी अंजली के साथ हुई थी। शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन 28 मई की रात अचानक अंजली अपने पति के साथ कमरे में सोने के बाद देर रात गहने-जेवर और 45 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई।
नींद खुली तो पत्नी घर से थी गायब
परिजनों के अनुसार, रात में जब सूरज कुमार की नींद खुली तो अंजली घर में कहीं नहीं मिली। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। बाद में जानकारी मिली कि वह दरभंगा जिले के जाले थाना क्षेत्र के देवरा गांव निवासी अपने प्रेमी चंद्रकिशोर चौपाल के साथ चली गई है।
पहले प्रेमी से तय हुई थी शादी
सूरज कुमार की दादी ने बताया कि अंजली की शादी पहले चंद्रकिशोर चौपाल के साथ तय हुई थी। हालांकि किसी कारणवश वह रिश्ता टूट गया था। इसके बाद परिवार वालों ने 13 मई को रीति-रिवाज के साथ उसकी शादी सूरज कुमार से कर दी। उनका दावा है कि शादी के बाद भी अंजली का अपने पूर्व प्रेमी से संपर्क बना हुआ था।
प्रेमी के बहकावे में आने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि अंजली अपने प्रेमी के बहकावे में आकर घर छोड़कर चली गई। साथ ही वह घर में रखे गहने-जेवर और नकद रुपये भी अपने साथ ले गई है। इस घटना के बाद परिवार में मायूसी का माहौल है।
ये भी पढ़ें: गोपालगंज में पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था 50 हजार का इनामी आकाश, जवाबी फायरिंग में गिरा
पुलिस कर रही मामले की जांच
इस संबंध में सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार झा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी।