Bihar News: बिहार में शादी के नाम पर विधवा से ढाई लाख की ठगी, महिला ने साइबर थाना में दर्ज कराई FIR
Bihar News: दरभंगा की एक विधवा महिला को फेसबुक पर शादी का झांसा देकर साइबर ठग ने करीब ढाई लाख रुपये की ठगी की। महिला ने मामले की जानकारी मिलने के बाद साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस आरोपी की बैंक डिटेल्स और मोबाइल नंबर खंगाल रही है।
विस्तार
बिहार के दरभंगा जिले में सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन पर क्लिक करना एक विधवा महिला को महंगा पड़ गया। साइबर फ्रॉड ने महिला को शादी का झांसा देकर ढाई लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। महिला को ठगी का अहसास होने के बाद उसने दरभंगा के साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। महिला, जो पति के निधन के बाद दरभंगा के मॉल में काम किया करती थी, ने बताया कि उसने काफी मेहनत करके पैसे जमा किए थे। साइबर डीएसपी ने पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और साइबर फ्रॉड का नंबर खंगाला जा रहा है।
फेसबुक के जरिए हुई बातचीत
विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के कगवा गुमटी के पास रहने वाली विधवा महिला ने बताया कि 27 जुलाई 2025 को फेसबुक पर एक विज्ञापन पर क्लिक करने पर उसे एक मोबाइल नंबर मिला। कॉल करने पर राज खुराना नामक व्यक्ति से उसकी बातचीत शुरू हुई। बातचीत आगे बढ़ी और ऑनलाइन प्रेम प्रसंग में बदल गया। दोनों ने एक-दूसरे से शादी का वादा भी किया।
ऐसे शुरू हुआ धोखाधड़ी का खेल
पिछले साल 29 जुलाई को राज खुराना ने महिला से दरभंगा आने को कहा और वहां आकर शादी करने का आश्वासन दिया। इसके बाद उसी दिन उसने फोन करके कहा कि उसे एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने पकड़ लिया है और वह बचने के लिए 16 हजार रुपये भेजने को कहता है। महिला ने यह राशि भेज दी।
इसके बाद राज खुराना ने कस्टम अधिकारी बनकर किसी अन्य व्यक्ति से बात करवाई और महिला से तीन बार लगभग एक लाख रुपये मंगवा लिए। साइबर प्रेमी इतने पर नहीं रुका। अगले दिन उसने कहा कि डेढ़ लाख रुपये और भेज दो, तो कस्टम अधिकारी उसे छोड़ देंगे। महिला ने यह राशि NEFT के माध्यम से भेज दी।
ठगी के बाद आरोपी ने महिला से तोड़ा संबंध
करीब ढाई लाख रुपये की ठगी करने के बाद राज खुराना ने महिला से संपर्क तोड़ना शुरू कर दिया। महिला ने कई बार दिए गए नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बातचीत नहीं हो सकी। तब उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने आरोपी के खिलाफ साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
ये भी पढ़ें: गोपालगंज के थावे दुर्गा मंदिर में प्रसाद को लेकर विवाद, मारपीट में कई श्रद्धालु घायल
महिला ने दर्ज कराई शिकायत
महिला ने पुलिस को साइबर फ्रॉड द्वारा ठगी में इस्तेमाल किए गए अकाउंट नंबरों की डिटेल्स भी प्रदान की। इस संबंध में साइबर डीएसपी बिपिन बिहारी ने बताया कि महिला के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और पूरे मामले की जांच जारी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.