दरभंगा में भीषण सड़क हादसा: ओवरटेक के दौरान बसों ने टेंपो को मारी टक्कर, दो लोगों की हुई मौत
दरभंगा-बेनीपुर एसएच-56 पर ओवरटेक के दौरान दो तेज रफ्तार बसों की टक्कर से टेंपो चपेट में आ गया। चालक जदी अहमद और यात्री गंगा साफी की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू की।
विस्तार
दरभंगा–बेनीपुर स्टेट हाईवे-56 पर गुरुवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सोनकी थाना क्षेत्र के एसएच-56 स्थित ग्रीन सिटी के समीप ओवरटेक करने के दौरान दो बसों की टक्कर से एक टेंपो चपेट में आ गया। हादसे में टेंपो सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान जमालपुर थाना क्षेत्र के खैसा गांव निवासी मंसूर आलम के पुत्र जदी अहमद (30), जो टेंपो चालक थे, तथा बहेड़ा थाना क्षेत्र के रढ़ियाम गांव वार्ड संख्या चार निवासी स्वर्गीय लखन साफी के पुत्र गंगा साफी (37) के रूप में हुई है। गंगा साफी कोलकाता में कपड़ा धुलाई का काम करते थे।
पढ़ें: वैशाली में शख्स की रहस्यमयी मौत, घाट पर शव मिलने से सनसनी; जमीन विवाद में हत्या का आरोप
परिजनों के अनुसार गंगा साफी ट्रेन से कोलकाता से दरभंगा पहुंचे थे और वहां से टेंपो रिजर्व कर अपने गांव रढ़ियाम जा रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कुशेश्वरस्थान से दरभंगा की ओर आ रही दो बसें तेज रफ्तार में एक-दूसरे को ओवरटेक कर रही थीं। तभी सामने जा रहे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे टेंपो के परखच्चे उड़ गए और चालक समेत यात्री की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सोनकी थानाध्यक्ष शशिकांत झा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों बसों और दुर्घटनाग्रस्त टेंपो को जब्त कर लिया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।