Bihar News: बुलेट की मांग में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पिता ने लगाया हत्या का आरोप; पुलिस जांच में जुटी
दरभंगा में दो विवाहिता की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया। अलीनगर में चांदनी परवीन के पिता ने बुलेट बाइक के लिए दो लाख की मांग और हत्या का आरोप लगाया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
जिले में दो विवाहित महिलाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। पहली घटना एपीएम थाना क्षेत्र के सिधौली गांव की है, जहां रानी कुमारी नामक विवाहिता का शव बरामद हुआ। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए एपीएम थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है।
वहीं दूसरी घटना अलीनगर थाना क्षेत्र के धमसाइन गांव की है, जहां चांदनी परवीन नामक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पिता मो. शमीम ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या बुलेट बाइक की मांग को लेकर की गई है।
मो. शमीम ने बताया कि तीन साल पहले उन्होंने अपनी बेटी की शादी मो. नौशाद के साथ धूमधाम से की थी। शादी के कुछ समय बाद दामाद और उसके परिवार ने बुलेट बाइक की मांग शुरू कर दी। इसके लिए दो लाख रुपये की मांग की जा रही थी। इस मुद्दे को लेकर कई बार पंचायत भी हुई। पंचायत में 50 हजार रुपये दे दिए गए थे, जबकि शेष डेढ़ लाख रुपये बाद में देने की बात तय हुई थी।
पढे़ं: मुजफ्फरपुर में इंटर परीक्षा के बाद बवाल, छात्र को गोदाम से खींचकर पीटा; पुलिस जांच में जुटी
उन्होंने आरोप लगाया कि पैसे की मांग को लेकर उनकी बेटी के साथ लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जाती थी। घटना से एक रात पहले करीब 9:30 बजे चांदनी ने फोन कर कहा था कि यदि जल्द पैसे नहीं दिए गए तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। इसके बाद सुबह करीब 5 बजे दामाद ने मुंबई में रह रहे उनके बेटे को फोन कर चांदनी की मौत की सूचना दी।
परिजनों का आरोप है कि जब वे अलीनगर स्थित ससुराल पहुंचे तो सभी आरोपी घर छोड़कर फरार थे और शव घर में पड़ा था। अलीनगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।