Indian Railway: होली के बाद ट्रेनों में भारी भीड़, समस्तीपुर से दिल्ली-मुंबई जाने वाली ट्रेनें अप्रैल तक फुल
होली के बाद घर से काम पर लौट रहे लोगों की भीड़ के कारण समस्तीपुर से दिल्ली, मुंबई और बेंगलूरू जाने वाली ट्रेनों में भारी दबाव देखा जा रहा है। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में 20 अप्रैल तक नो रूम की स्थिति है, जबकि वैशाली एक्सप्रेस और बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में भी 13 अप्रैल से पहले कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है।
विस्तार
होली के बाद घर लौट रहे यात्रियों की भारी भीड़ के कारण समस्तीपुर से दिल्ली, मुंबई और बेंगलूरू जाने वाली ट्रेनों में सीटें पूरी तरह भर गई हैं। स्थिति यह है कि कई प्रमुख ट्रेनों में अप्रैल तक कंफर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है।
स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में 20 अप्रैल तक नो रूम
समस्तीपुर से चलने वाली स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में 20 अप्रैल तक नो रूम की स्थिति है। यानी इस ट्रेन में यात्रियों को वेटिंग टिकट भी नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा वैशाली एक्सप्रेस और बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में भी 13 अप्रैल से पहले कंफर्म टिकट उपलब्ध नहीं है। ऐसे में दिल्ली जाने वाले यात्रियों को अब अप्रैल महीने तक इंतजार करना पड़ सकता है।
जनरल बोगी में सफर को मजबूर यात्री
ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिलने के कारण बड़ी संख्या में लोग जनरल बोगी में सफर करने को मजबूर हैं। जनरल डिब्बों में इतनी भीड़ है कि बाथरूम तक यात्रियों की लाइन लगी हुई है। इस वजह से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मुंबई और बेंगलूरू की ट्रेनों में भी सीटें फुल
समस्तीपुर रिजर्वेशन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार समस्तीपुर से मुंबई जाने वाली 1116 अमृत भारत एक्सप्रेस, 11032 पनवेल अमृत भारत एक्सप्रेस, 19036 बरौनी-बांद्रा एक्सप्रेस और 11062 पवन एक्सप्रेस में 19 अप्रैल से पहले टिकट उपलब्ध नहीं है। इसके अलावा 12577 बागमती एक्सप्रेस, 17006 दरभंगा-सिकंदराबाद एक्सप्रेस, 11034 दरभंगा-पुणे एक्सप्रेस और 18420 दरभंगा-पुरी एक्सप्रेस में भी 31 मार्च तक सभी सीटें फुल हैं।
यात्रियों ने बताई अपनी परेशानी
रिजर्वेशन नहीं मिलने के कारण बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सफर कर रहे मधुबनी के दिनेश मंडल ने बताया कि उन्होंने टिकट के लिए काफी प्रयास किया, लेकिन रिजर्वेशन नहीं मिल पाया। मजबूरी में वह जनरल बोगी से दिल्ली जा रहे हैं, जहां उनका कारोबार है। वहीं बनारस जाने के लिए स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की जनरल बोगी में सफर कर रही मधुबनी की खुशबू कुमारी ने बताया कि ट्रेन में कहीं जगह नहीं मिली, इसलिए वह बाथरूम के पास बैठकर सफर कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जाना जरूरी है, इसलिए इस तरह यात्रा करनी पड़ रही है। समस्तीपुर बाजार के मोहन कुमार ने बताया कि वह दिल्ली जा रहे हैं। उन्होंने रिजर्वेशन कराने की कोशिश की, लेकिन टिकट नहीं मिला। यहां तक कि तत्काल टिकट भी नहीं मिल पाया, जिसके बाद वह स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस की जनरल बोगी से यात्रा कर रहे हैं।
50 से अधिक एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन
समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिरज्ञ ने बताया कि होली के बाद ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंडल के विभिन्न स्टेशनों से 50 से अधिक एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर चल रही हैं।