Bihar: समस्तीपुर में आज से ओवरब्रिज पूरी तरह बंद, पैदल यात्रियों की एंट्री पर रोक; जानें कब से होगा आवागमन?
समस्तीपुर का 56 साल पुराना रेलवे ओवरब्रिज जर्जर होने के कारण सोमवार सुबह से पूरी तरह बंद कर दिया गया है। मरम्मत तक वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। शहर में नया ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
समस्तीपुर का 56 साल पुराना रेलवे ओवरब्रिज जर्जर होने के कारण सोमवार सुबह से पूरी तरह बंद कर दिया गया है। मरम्मत तक वाहनों और पैदल यात्रियों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। शहर में नया ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है और प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मिथिलांचल के प्रवेश द्वार और समस्तीपुर शहर की जीवनरेखा माने जाने वाले 56 वर्ष पुराने रेलवे ओवरब्रिज को सोमवार सुबह 6 बजे से पूरी तरह बंद कर दिया गया है। पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर सभी प्रकार के वाहनों के साथ-साथ पैदल यात्रियों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है। पुल की जर्जर स्थिति और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है। मरम्मत कार्य पूरा होने तक पुल पर किसी भी प्रकार की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।
जिला प्रशासन के अनुसार, जर्जर हो चुके इस पुल की मरम्मत उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप कराई जाएगी। निर्माण एजेंसी को 24 घंटे तीन शिफ्टों में लगातार काम करने का निर्देश दिया गया है, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर पुल को दोबारा आम लोगों के लिए खोला जा सके।
पूरे शहर में लागू हुआ नया ट्रैफिक प्लान
ओवरब्रिज बंद होने के बाद शहर में जाम की स्थिति से बचने के लिए व्यापक रूट डायवर्जन लागू किया गया है।
- बेगूसराय और रोसड़ा जाने वाली बसें अब हाउसिंग बोर्ड मैदान से संचालित होंगी।
- रोसड़ा से मुजफ्फरपुर जाने वाले वाहन कन्हैया चौक, बुल्लेचक रेलवे गुमटी, महादेव चौक और कोरबद्दा होकर गुजरेंगे।
- ताजपुर रोड और धरमपुर की ओर से आने वाले वाहन पासवान चौक और मगरदही घाट के रास्ते शहर में प्रवेश करेंगे।
- दरभंगा, मधुबनी और नेपाल की ओर से आने वाले भारी वाहनों को कल्याणपुर, पूसा, ताजपुर और एनएच-28 के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।
प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
संभावित जाम को देखते हुए अटेरन चौक रेलवे गुमटी, कोरबद्दा, कन्हैया चौक, महादेव चौक, धर्मपुर चौक, पासवान चौक और मगरदही घाट समेत कई प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर ट्रेन गुजरने के तुरंत बाद रेलवे गुमटियां खोली जाएंगी, ताकि वाहनों की लंबी कतार न लगे।
बस यात्रियों को होगी परेशानी
ओवरब्रिज बंद होने का असर बस संचालन पर भी पड़ा है। पटना, ताजपुर और दलसिंहसराय की बसें पहले की तरह बस स्टैंड से चलेंगी, जबकि रोसड़ा और दरभंगा जाने वाले यात्रियों को अब जितवारपुर और बाजार समिति जाकर बस पकड़नी होगी। दरभंगा की बसें बाजार समिति से आगे मनोज सिंह मंडी से संचालित होंगी, जबकि रोसड़ा की बसें हाउसिंग बोर्ड मैदान, जितवारपुर से चलेंगी।
पढ़ें: अचानक JDU कार्यालय पहुंचे नीतीश कुमार, नाराज होकर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष से क्या कहा?
1970 में बना था ओवरब्रिज
वर्ष 1970 में बने इस रेलवे ओवरब्रिज ने पिछले 56 वर्षों से समस्तीपुर शहर के उत्तर और दक्षिण हिस्से को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। प्रतिदिन हजारों वाहन और पैदल यात्री इसी पुल से होकर गुजरते रहे हैं। पुल के उत्तर में समस्तीपुर जंक्शन, मुख्य बाजार, दरभंगा, मधुबनी और नेपाल की ओर जाने वाले मार्ग हैं, जबकि दक्षिण में समाहरणालय, न्यायालय, नगर निगम, बस स्टैंड तथा पटना और बेगूसराय की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग स्थित हैं।
क्यों बंद करना पड़ा पुल?
प्रशासन के अनुसार, पुल के एक्सपेंशन जॉइंट गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। ये जॉइंट पुल के स्लैब और गर्डर को जोड़ते हैं तथा तापमान और भारी वाहनों के दबाव से होने वाले फैलाव और सिकुड़न को संतुलित करते हैं। इनके क्षतिग्रस्त होने से पुल में कंपन बढ़ने और संरचना कमजोर होने का खतरा पैदा हो गया था। इंजीनियरों की सलाह पर सुरक्षा के मद्देनजर पुल को पूरी तरह बंद कर मरम्मत कराने का निर्णय लिया गया है।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जारी वैकल्पिक रूट प्लान का पालन करें, बंद ओवरब्रिज की ओर अनावश्यक रूप से न जाएं और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि यह फैसला लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है और मरम्मत पूरी होते ही पुल को दोबारा आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।