समस्तीपुर में भीषण सड़क हादसा: ट्रक-बाइक की टक्कर में डॉक्टर और लैब टेक्नीशियन की मौत, एक गंभीर
समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघिया चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक व बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. गौतम कुमार और लैब टेक्नीशियन कुणाल कुमार की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सिंघिया चौक के पास तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की जोरदार टक्कर में बाइक सवार होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. गौतम कुमार और लैब टेक्नीशियन कुणाल कुमार की मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
लैब बंद कर डॉक्टर के साथ निकले थे घर
जानकारी के अनुसार, भरपुर गांव निवासी कुणाल कुमार दलसिंहसराय के प्रखंड कार्यालय रोड स्थित एक लैब में लैब टेक्नीशियन के रूप में काम करता था। शनिवार रात लैब बंद करने के बाद वह एकडारा गांव निवासी होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. गौतम कुमार और एक अन्य युवक के साथ एक ही बाइक से घर लौट रहा था। तीनों सिंघिया चौक के पास पहुंचे ही थे कि तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में डॉ. गौतम कुमार और कुणाल कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
20 साल से पंचवटी चौक पर चला रहे थे क्लिनिक
हादसे में जान गंवाने वाले डॉ. गौतम कुमार क्षेत्र में लंबे समय से चिकित्सा सेवा दे रहे थे। वह पिछले करीब 20 वर्षों से पंचवटी चौक पर होम्योपैथिक क्लिनिक चला रहे थे। करीब दो दशक से लोगों का इलाज करने के कारण आसपास के इलाके में उनकी अच्छी पहचान थी।
उनकी अचानक मौत की खबर जैसे ही परिजनों और परिचितों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया। स्थानीय लोगों में भी शोक की लहर है।
दलसिंहसराय की लैब में टेक्नीशियन थे कुणाल
दूसरे मृतक कुणाल कुमार की उम्र महज 22 वर्ष थी। वह दलसिंहसराय में लैब टेक्नीशियन के रूप में काम कर रहा था। रोज की तरह काम खत्म करने के बाद घर लौटना उसका आखिरी सफर साबित हुआ। कुणाल की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम पसरा हुआ है।
ट्रक और बाइक जब्त, जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही विभूतिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया गया।
ये भी पढ़ें- Bihar: बिहार के छात्रों के लिए सीएम सम्राट की चार बड़ी घोषणाएं, शिक्षा-परीक्षा व्यवस्था में बदलाव होंगे; जानिए
प्राथमिकी दर्ज कर होगी कार्रवाई
विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक युवक घायल है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की जांच कर रही है। साथ ही ट्रक चालक और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।