Bihar Crime: चोरों ने भगवान को भी नहीं बख्शा, दो सौ साल पुरानी 15 करोड़ की अष्टधातु मूर्तियां चोरी; मचा हड़कंप
Gayaji News: औरंगाबाद के बरौली गांव की ठाकुरबाड़ी से राम-लखन-जानकी की दो सौ साल पुरानी अष्टधातु मूर्तियां चोरी हो गईं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत 15 करोड़ से अधिक बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
विस्तार
अति प्राचीन और बेशकीमती मूर्तियों की चोरी कर उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों में बेचने वाले तस्कर गिरोहों की नजर अब बिहार के गांवों के मंदिरों पर टिकी है। लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की आस्था और सुरक्षा व्यवस्था दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ताजा मामला औरंगाबाद जिले के बारूण प्रखंड अंतर्गत जम्होर थाना क्षेत्र की पिपरा पंचायत के बरौली गांव से सामने आया है। यहां सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने गांव की ठाकुरबाड़ी में स्थापित राम, लक्ष्मण और जानकी की अष्टधातु से निर्मित अत्यंत प्राचीन मूर्तियों की चोरी कर ली।
दो सौ साल पुरानी ठाकुरबाड़ी को बनाया निशाना
ग्रामीण अजीत मिश्रा के अनुसार गांव के बाहर मुख्य मार्ग से सटी यह ठाकुरबाड़ी करीब दो सौ साल पुरानी है। इसी मंदिर में राम-लखन-जानकी की तीनों अष्टधातु की मूर्तियां एक साथ स्थापित थीं। रात में पुजारी के नहीं रहने का फायदा उठाकर चोरों ने गर्भगृह के दरवाजे का ताला तोड़ा और चोरी को अंजाम दिया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों की कीमत
ग्रामीणों का कहना है कि चोरी गई तीनों मूर्तियां अत्यंत प्राचीन और दुर्लभ हैं। उनकी ऐतिहासिक और कलात्मक महत्ता को देखते हुए अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमत 15 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है, जिससे यह घटना और भी गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों में आक्रोश
घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि चोरों ने भगवान को भी नहीं बख्शा और उन्हें किसी तरह का भय नहीं रहा। साथ ही लोगों ने ठाकुरबाड़ी की धार्मिक महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूरी होती रही हैं। ग्रामीणों ने विश्वास जताया कि राम-लखन-जानकी ही चोरों का इंसाफ करेंगे और दोषियों का अंत बुरा होगा।
पढ़ें- Bihar News: पटना बालू माफियाओं ने DSP को कुचलने की कोशिश की; बाइक सवार को रौंद कर भाग रहा था, एक की मौत
मूर्तियां बरामद न होने पर आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन से ऐतिहासिक मूर्तियों को जल्द बरामद करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि मूर्तियां शीघ्र नहीं मिलीं तो पूरे गांव के लोग आमरण अनशन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल ग्रामीण जांच में पुलिस को पूरा सहयोग दे रहे हैं।
जम्होर थानाध्यक्ष नितिन कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर चोरी की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस चोरों का सुराग लगाने में जुटी हुई है और विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर छापामारी की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर मूर्तियों को बरामद कर लिया जाएगा।