Bihar News: गोह-नबीनगर विधानसभा चुनाव परिणाम पर हाईकोर्ट में चुनौती, वेयर हाउस में ईवीएम-वीवीपैट सुरक्षित
बिहार विधानसभा 2025 के गोह और नबीनगर सीट के चुनाव परिणाम को हाईकोर्ट में चुनौती मिलने पर औरंगाबाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने ईवीएम-वीवीपैट मशीनों का सेग्रिगेशन और सुरक्षित भंडारण निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार पारदर्शिता एवं सुरक्षा के साथ कराया।
विस्तार
बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 का चुनाव संपन्न होने के बाद औरंगाबाद जिले के गोह और नबीनगर सीट के चुनाव परिणाम को पटना उच्च न्यायालय में चुनौती दी गई है। हाईकोर्ट में याचिका दायर हाेने के बाद औरंगाबाद की जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने खुद की मौजूदगी में विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के तहत 219 गोह एवं 221 नबीनगर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में में मतदान और मतगणना में इस्तेमाल ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों को निर्धारित प्रक्रिया को पूरा कर औरंगाबाद प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित ईवीएम वेयर हाउस में अलग (सेग्रिगेशन) कर सुरक्षित करा दिया है।
आयोग के मानक के अनुसार कराया गया सेग्रिगेशन-इस दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने वेयर हाउस खोलने की संपूर्ण प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप, सुरक्षा मानकों एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए संपन्न कराया। संबंधित ईवीएम/वीवीपैट मशीनों की पहचान, मिलान एवं आवश्यक अभिलेखीकरण के बाद उन्हें पृथक रूप से सुरक्षित रखने की कार्रवाई की गई।
पढ़ें: सदन में नहीं आने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने तेजस्वी पर कसा तंज, कहा- उनकी रुचि खत्म हो गई है
इस कार्यवाही के दौरान 221 नबीनगर विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी-सह-भूमि सुधार उप समाहर्त्ता श्वेतांक लाल, उप निर्वाचन पदाधिकारी मो. गजाली, वेयर हाउस प्रभारी-सह-औरंगाबाद के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं 219 गोह विधानसभा सीट से प्रत्याशी प्रतिनिधि पंकज कुमार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रूप में जदयू से गुड्डू सिंह, जयप्रकाश कुमार, नबीनगर से राजद प्रत्याशी रहे अमोद कुमार सिंह, शशि सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
हाईकोर्ट पर टिकी सबकी निगाहें
गौरतलब है कि गोह के चुनाव परिणाम को वहां से भाजपा प्रत्याशी रहे पूर्व विधायक डॉ. रणविजय कुमार और नबीनगर विधानसभा क्षेत्र के चुनाव परिणाम को वहां से राजद प्रत्याशी रहे अमोद कुमार सिंह ने पटना उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर चुनौती दी है। इसी याचिका के आलोक में दोनों विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव में उपयोग में लाए गए ईवीएम/वीवीपैट मशीनों की पहचान, मिलान एवं आवश्यक अभिलेखीकरण के बाद उन्हें पृथक रूप से सुरक्षित किया गया है। इस कार्रवाई के बाद अब इन दोनों विधानसभा क्षेत्रों के विजेताओं से लेकर संबंधित राजनीतिक दलों और मतदाताओं की भी निगाहे हाईकोर्ट द्वारा मामले को लेकर की जानेवाली आगे की सुनवाई पर टिकी है।