{"_id":"6a2928a2e2a22902ba058683","slug":"bihar-news-love-marriage-horrific-end-husband-killed-wife-aurangabad-bihar-police-investigation-gaya-news-c-1-1-noi1244-4378626-2026-06-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: छह साल पहले किया था प्रेम विवाह, राशन को लेकर हुआ विवाद; पति ने पत्नी की कर दी हत्या","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: छह साल पहले किया था प्रेम विवाह, राशन को लेकर हुआ विवाद; पति ने पत्नी की कर दी हत्या
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, औरंगाबाद
Published by: अमर उजाला ब्यूरो
Updated Wed, 10 Jun 2026 05:09 PM IST
विज्ञापन
सार
Bihar: औरंगाबाद के कुटुंबा थाना क्षेत्र के दधपा गांव में छह साल पहले प्रेम विवाह करने वाले दंपति के रिश्ते का दर्दनाक अंत हो गया। पीडीएस दुकान से राशन लाने को लेकर हुए विवाद में पति सनोज मेहता ने पत्नी चंचला देवी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त रॉड बरामद कर ली है और आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पति के साथ मृतका की फाइल फोटो
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
छः साल पहले दोनों ने साथ जीने-मरने की कसम खाई। पारिवारिक बंदिशों को दरकिनार करते हुए प्रेम विवाह किया। शादी के बाद एक प्यारी-सी बिटिया ने भी जन्म लिया, जो अब दो साल की है। इस बीच बुधवार को पति अचानक हैवान बन गया और मामूली विवाद के बाद उसने लोहे की रॉड से पीटकर पत्नी की हत्या कर दी। घटना औरंगाबाद के कुटुंबा थाना क्षेत्र के दधपा गांव की है। मृतका की पहचान सनोज मेहता की पत्नी चंचला देवी (25) के रूप में की गई है। मामले में पुलिस घटना को अंजाम देकर फरार पति की तलाश में जुटी है।
राशन को लेकर शुरू हुआ विवाद, ले ली पत्नी की जान
मिली जानकारी के अनुसार बुधवार को जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकान से राशन लाने की बात पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान पति ने घर में रखी लोहे की रॉड से पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। सिर में गहरी चोट लगने और अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची कुटुंबा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले में पुलिस फरार पति की तलाश में जुटी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
मायके वालों के आने का इंतजार कर रही पुलिस
मृतका का मायका बारुण थाना क्षेत्र के पोखराही गांव में है। पुलिस ने घटना की जानकारी मायके वालों को दे दी है और आगे की कार्रवाई के लिए उनके आने का इंतजार कर रही है।
दो राशन कार्ड बने खूनी विवाद की वजह
जानकारी के अनुसार, पत्नी की हत्या का आरोपी पति सनोज मेहता दधपा गांव के अवधेश मेहता का पुत्र है। आरोपी के पिता अवधेश अपनी पत्नी के साथ छोटे बेटे सनोज और बहू चंचला देवी के साथ रहते थे, लेकिन कुछ माह पहले वे अपनी पत्नी के साथ बड़े बेटे और बहू के पास रहने लगे थे। साथ ही सनोज और उसका बड़ा भाई घर के अलग-अलग कमरों में रहते थे। ग्रामीणों के अनुसार, अवधेश मेहता के बड़े बेटे का राशन कार्ड अलग था, जबकि छोटे बेटे सनोज के राशन कार्ड में उसके माता-पिता का नाम दर्ज था। दोनों बेटे हर माह पीडीएस दुकान से राशन उठाते थे। बड़े बेटे के साथ पिता के शिफ्ट होने के बाद तय हुआ कि घर में हर महीने एक ही राशन कार्ड से सरकारी राशन आएगा। पिछले महीने मई में छोटे बेटे सनोज ने राशन उठाया था। इस माह जून का राशन लाने की बात हुई तो सनोज ने मना कर दिया। इस पर उसकी पत्नी चंचला उस पर राशन लाने का दबाव बना रही थी।
राशन के लिए कहना पड़ा भारी
इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। चूंकि पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था, इसलिए इस बार भी परिवार का कोई सदस्य बीच-बचाव के लिए कमरे के अंदर नहीं गया। इसी दौरान सनोज ने पत्नी के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर पर तीन इंच गहरा और दो इंच लंबा घाव हो गया। पत्नी के सिर से खून निकलता देख पति उसे अस्पताल ले जाने के बजाय बिना किसी को कुछ बताए घर से फरार हो गया।
कमरे से बहता खून देख खुला हत्या का राज
हत्यारोपी सनोज मेहता की मां के अनुसार, जब उन्होंने छोटी बहू के कमरे से खून बाहर निकलता देखा तो परिवार के लोग कमरे में गए। कमरे के अंदर चंचला लहूलुहान हालत में बेसुध पड़ी थी। इसके बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया।
बहन के गांव में हुई थी मुलाकात
गांव वालों ने बताया कि सनोज की एक बहन की शादी तेल्हड़ा गांव में हुई है। सनोज अक्सर अपनी बहन के गांव आता-जाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात पोखराही की रहने वाली चंचला से हुई थी। दोनों के बीच प्यार हुआ और फिर घरवालों के विरोध के बावजूद सनोज और चंचला ने छह साल पहले शादी कर ली। सनोज हाइवा चालक का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। पिछले कुछ दिनों से वह घर पर ही रह रहा था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने छह साल पुराने प्रेम विवाह का खौफनाक अंत कर दिया।
ये भी पढ़ें: टोल प्लाजा के पास नेशनल हाइवे पर सड़क धंसी; बारिश के बाद सर्विस रोड पर दरार-गड्ढे देख लोग चौंके
खून से सनी रॉड बरामद, आरोपी की तलाश जारी
मामले में कुटुंबा थानाध्यक्ष मो. इमरान आलम ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से एक लोहे की रॉड बरामद की है, जिस पर खून के निशान पाए गए हैं। साथ ही मृतका का चेहरा भी खून से लथपथ पाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की प्रारंभिक जांच में पति द्वारा लोहे की रॉड से सिर पर वार कर पत्नी की हत्या करने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।