मैट्रिक पास की खुशी मातम में बदली: गया जी में भीषण सड़क हादसे में दो छात्रों की मौत, ट्रैक्टर से हुई थी भिड़ंत
Bihar: गया जी के फतेहपुर में चपरी मोड़ के पास ट्रैक्टर-बाइक की टक्कर में दो मैट्रिक पास छात्रों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर घायल है। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ पड़ी।
विस्तार
बिहार के गया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मैट्रिक परीक्षा पास करने के महज दो दिन बाद ही दो छात्रों की मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मंगलवार को फतेहपुर थाना क्षेत्र के चपरी मोड़ के पास ट्रैक्टर और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका इलाज अस्पताल में जारी है।
मृतकों की पहचान रघवाचक गांव निवासी विनोद यादव के इकलौते पुत्र रोशन कुमार और सतेंद्र यादव के पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों छात्र हाल ही में मैट्रिक परीक्षा में सफल हुए थे और उनका रिजल्ट आए अभी दो दिन ही हुए थे। घर में खुशी का माहौल था, जो इस हादसे के बाद गम में बदल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान चपरी मोड़ के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोशन और राहुल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
पढ़ें: रंगदारी नहीं दी तो गोलियां बरसीं, बिहार के इस जिले में बदमाशों का आतंक; इलाके में दहशत
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश जारी है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।