Bihar: दशरथ मांझी की पुण्यतिथि पर निकली बाइक रैली में टूटा ट्रैफिक नियम, बिना हेलमेट दिखे नेता-कार्यकर्ता
Bihar News: गया में दशरथ मांझी की 19वीं पुण्यतिथि पर निकली बाइक रैली में बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता बिना हेलमेट नजर आए। रैली के दौरान पुलिस की मौजूदगी के बावजूद किसी बाइक सवार को रोककर कार्रवाई नहीं की गई। बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने माना कि सभी को हेलमेट पहनना चाहिए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कानून बनाने और उसका पालन कराने की जिम्मेदारी जिन जनप्रतिनिधियों पर होती है, जब वही सार्वजनिक कार्यक्रम में यातायात नियमों की अनदेखी करें तो कई सवाल खड़े होते हैं। पर्वत पुरुष दशरथ मांझी की 19वीं पुण्यतिथि पर गयाजी से निकली बाइक रैली में बड़ी संख्या में शामिल नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बिना हेलमेट सफर किया। पूरे रास्ते पुलिस की मौजूदगी रही, लेकिन किसी ने नियमों का पालन कराने की कोशिश नहीं की। अमर उजाला के सवाल पर बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने माना कि सभी को हेलमेट पहनना चाहिए।
भुसंडा खेल मैदान से गहलौर घाटी के लिए निकली बाइक रैली
गयाजी के भुसंडा खेल मैदान से पर्वत पुरुष दशरथ मांझी की 19वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गहलौर घाटी के लिए विशाल बाइक रैली निकाली गई। हर वर्ष की तरह इस बार भी रैली का नेतृत्व हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) ने किया। बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन, अतरी विधायक रोहित कुमार समेत कई नेताओं ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
रैली शुरू होते ही दिखी नियमों की अनदेखी
रैली शुरू होते ही यातायात नियमों की अनदेखी साफ दिखाई दी। एक-दो लोगों को छोड़ दें तो अधिकांश बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। बाइक पर सवार नेताओं और कार्यकर्ताओं का काफिला शहर की सड़कों से होकर गुजरा। यह दृश्य उस समय देखने को मिला, जब सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
पुलिस तैनात रही, लेकिन बिना हेलमेट किसी को नहीं रोका
रैली के दौरान जगह-जगह पुलिस बल तैनात था। इसके बावजूद बिना हेलमेट चल रहे किसी भी बाइक सवार को न तो रोका गया और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई की गई। इससे सवाल उठने लगा कि क्या राजनीतिक कार्यक्रमों में यातायात नियमों के पालन को लेकर प्रशासन अलग रवैया अपनाता है।
अमर उजाला के सवाल पर मंत्री ने माना- हेलमेट जरूरी
इस पूरे मामले पर अमर उजाला ने बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन से सवाल किया कि बाइक रैली में शामिल अधिकांश कार्यकर्ताओं ने सुरक्षा के लिए हेलमेट नहीं पहना था। इस पर मंत्री ने कहा कि उन्होंने सभी से हेलमेट लगाने के लिए कहा था। उन्होंने सवाल उठाने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ताओं से सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनने की अपील करेंगे।
यह भी पढ़ें: लखीसराय के अशोकधाम मंदिर में भगदड़, सात श्रद्धालुओं की मौत- कई घायल; प्रशासन क्या बोला?
जनप्रतिनिधियों से नियमों का पालन करने की उम्मीद
सड़क सुरक्षा नियम लोगों की जान बचाने के लिए बनाए गए हैं। ऐसे में जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों से अपेक्षा की जाती है कि वे स्वयं नियमों का पालन कर समाज के सामने उदाहरण प्रस्तुत करें। सार्वजनिक कार्यक्रमों में नियमों का पालन होता दिखेगा तो आम लोगों में भी कानून के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ेगी।