Bihar: महाबोधि मंदिर के गेट पर बवाल! BMP और बिहार पुलिस जवानों में मारपीट; श्रद्धालुओं में मची अफरातफरी
गया के विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर के मुख्य प्रवेश क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बीएमपी के दो जवानों और बिहार पुलिस के एक जवान के बीच बाइक हटाने को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया और बेल्ट व लात-घूंसों से हुई झड़प के कारण मंदिर पहुंचे देशी-विदेशी श्रद्धालुओं के बीच अफरातफरी मच गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर के मुख्य प्रवेश क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सुरक्षा में तैनात बीएमपी जवानों और बिहार पुलिस के एक जवान के बीच मामूली विवाद मारपीट में बदल गया। बेल्ट और लात-घूंसों से हुई झड़प के दौरान मंदिर के बाहर मौजूद देशी-विदेशी श्रद्धालुओं और पर्यटकों के बीच अफरातफरी मच गई। बाद में स्थानीय लोगों और अधिकारियों के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों को अलग कराया गया और मामला शांत कराया गया।
बाइक हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के झंडोत्तोलन की तैयारी को लेकर महाबोधि मंदिर के प्रवेश क्षेत्र में साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम चल रहा था। इसी दौरान वहां बीएमपी के दो जवानों की बाइक खड़ी थी। बाइक हटाने को लेकर बिहार पुलिस के जवान और बीएमपी जवानों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
बेल्ट और लात-घूंसों से हुई मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बीएमपी जवानों और बिहार पुलिस के जवान के बीच जमकर हाथापाई हुई। इस दौरान बेल्ट और लात-घूंसों का भी इस्तेमाल किया गया। अचानक हुई इस घटना से मंदिर के बाहर मौजूद श्रद्धालु और पर्यटक सहम गए। कुछ देर के लिए मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने कराया बीच-बचाव
मारपीट की सूचना मिलते ही बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को अलग करा दिया था। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
अधिकारियों ने बताया मामूली विवाद
बीएमपी-3 के डीएसपी ने बताया कि छोटी-सी बात को लेकर जवानों के बीच विवाद हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया। वहीं, मंदिर सुरक्षा प्रभारी ने बताया कि महाबोधि मंदिर की सुरक्षा में तैनात बीएमपी जवान को दो दिन पहले ही बाइक हटाने के लिए कहा गया था।
शुक्रवार सुबह झंडोत्तोलन स्थल की तैयारी के दौरान दोबारा बाइक हटाने को लेकर बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। बाद में अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत करा दिया।