Indore: इंदौर के पुराने टर्मिनल को भी नए एयरपोर्ट से जोड़ा, 24 मार्च को होगा लोकार्पण
इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट पर पुराने टर्मिनल का नवीनीकरण पूरा हो गया है और इसका लोकार्पण 24 मार्च को किया जाएगा। नए टर्मिनल के शुरू होने से एयरपोर्ट की क्षमता बढ़कर सालाना 50 लाख यात्रियों तक पहुंच जाएगी।
विस्तार
इंदौर के देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट परपुराने टर्मिनल भवन का लोकार्पण 24 मार्च को किया जाएगा। नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। यह टर्मिनल भी नए एयपोर्ट का हिस्सा रहेगा। नए टर्मिनल के शुरू होने के बाद एयरपोर्ट की कुल क्षमता बढ़कर सालाना 50 लाख यात्रियों तक पहुंच जाएगी। इससे एयरपोर्ट पर बढ़ते दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।
सांसद शंकर लालवानी ने बताया कि 50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस टर्मिनल को तैयार किया जा रहा है। इसमें करीब 400 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, 14 चेक-इन काउंटर, आगमन और प्रस्थान क्षेत्र में आरक्षित लाउंज तथा दिव्यांगजनों के लिए विशेष चेक-इन सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही बड़ी पार्किंग की भी व्यवस्था विकसित की गई है।
यात्रियों की सुरक्षा और समय की बचत के लिए टर्मिनल में तीन एक्स-रे मशीनें लगाई गई हैं, जिससे चेकिंग प्रक्रिया तेज होगी। विंटर शेड्यूल के अनुसार 16 एटीआर विमान सेवाओं को इस टर्मिनल से संचालित किया जाएगा। जिससे प्रतिदिन लगभग तीन हजार से ज्यादा यात्रियों का आवागमन होगा। नए टर्मिनल उड़ान यात्री कैफे शामिल है, जहां किफायती फूड आइटम्स उपलब्ध होंगे। पहले पुराने टर्मिनल का उपयोग स्टेट हैंगर के रुप में होना था, लेकिन प्रोजेक्ट गति नहीं पकड़ पाया। अब नए और पुराने टर्मिनल का उपयोग एयरपोर्ट पर होगा।