Bihar News: पोल्ट्री फार्म की दुर्गंध ने ली नवजात की जान, मौत के बाद प्रशासन की खुली नींद: जानिए पूरा मामला
Saran News: अवैध पोल्ट्री फार्मों की गंध को 30 दिन का शिशु बर्दाश्त नहीं कर पाया। इस कारण उसकी तबीयत बिगड़ी। अस्पताल में भर्ती करवाया गया लेकिन हालत इतनी बिगड़ी चुकी थी कि डॉक्टर भी उसकी जान नहीं बचा सके। आइये जानते हैं क्या है पूरा मामला?
विस्तार
सारण जिले के नयागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत राजापुर गांव में संचालित अवैध पोल्ट्री फार्मों से फैल रही दुर्गंध के कारण 30 दिन के एक नवजात शिशु की गुरुवार देर शाम मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शिशु तेज दुर्गंध को सहन नहीं कर सका, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई और अंततः उसकी जान चली गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही नयागांव थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आवेदन के आधार पर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, छपरा भेज दिया। एक महीने के नवजात की मौत के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर चिंता बढ़ा दी है, वहीं अवैध रूप से संचालित पोल्ट्री फार्मों पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पिता ने किस पर लगाया आरोप?
मृत नवजात के पिता राज कुमार राउत ने नयागांव थाना में आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उनके घर के समीप संचालित एक मुर्गी एवं अंडा फार्म से निकलने वाली तेज दुर्गंध के कारण उनके नवजात की तबीयत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। पीड़ित परिवार सारण जिले के अमनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत मदरौली गांव निवासी तारकेश्वर राउत का है। उनके पुत्र राज कुमार राउत ने अपने आवेदन में बताया है कि वह अपनी बहन के यहां पत्नी और बच्चों के साथ आए हुए थे। गुरुवार को पोल्ट्री फार्म से निकलने वाली दुर्गंध के कारण उनके नवजात की तबीयत बिगड़ गई। उससे अस्पताल ले गए लेकिन उसकी जान नहीं बचा पाए। पिता ने कहा कि मेरे सामने मेरा बच्चा तड़पता रहा लेकिन मैं उसकी जान नहीं बचा पाया।
लगातार दुर्गंध और गंदगी फैल रही
वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में कई पोल्ट्री फार्म बिना निर्धारित मानकों के संचालित हो रहे हैं, जिससे लगातार दुर्गंध और गंदगी फैल रही है। लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों के अनुसार, इन अवैध फार्मों से निकलने वाली दुर्गंध और कचरे के कारण आसपास के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। कई लोग स्वास्थ्य समस्याओं से भी जूझ रहे हैं। इस संबंध में पहले भी नयागांव थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर फार्म बंद कराने की मांग की गई थी। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हुई।
Bihar News: जदयू विधायक के बेटे की मौत, घर से निकले थे, सड़क पर पेड़ से टकराई गाड़ी; पटना में तोड़ा दम
क्या कार्रवाई कर रही है सारण पुलिस
थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि मृत नवजात के परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुट गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। साथ ही संबंधित विभागों को भी सूचना दी जा रही है, ताकि पोल्ट्री फार्म की वैधता और संचालन मानकों की जांच की जा सके।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.