Bihar News: जमीन विवाद में विवाहिता की घर में सोते समय गला रेतकर निर्मम हत्या, पति ने छत से कूदकर बचाई जान
Bihar News: बिहार के सहरसा जिले में जमीन विवाद में एक विवाहिता रौशनी कुमारी की घर में सोते समय गला रेतकर हत्या कर दी गई। पति ने छत से कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी फरार हैं।
विस्तार
बिहार के सहरसा जिले में जमीनी रंजिश ने एक खौफनाक रूप ले लिया है। सलखुआ थाना क्षेत्र के गौरदह पंचायत स्थित ओरेली भलेवा (वार्ड संख्या 7) में देर रात अपराधियों ने घर में घुसकर 25 वर्षीय विवाहिता रौशनी कुमारी की चाकू गोदकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के समय महिला का पति किसी तरह छत से भागकर अपनी जान बचाने में कामयाब हुआ। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
आहट सुनकर छत से भागा पति, पत्नी को हुई मौत
मृतका के पति छेलाबिहारी ने बताया कि रात करीब एक बजे वे लोग सो रहे थे, तभी घर के बाहर कुछ आहट सुनाई दी। नींद खुलने पर उन्होंने देखा कि दर्जनों हथियारबंद बदमाश उनके घर की तरफ तेजी से बढ़ रहे थे। खतरा भांपकर वह शोर मचाते हुए छत के रास्ते भाग निकले। इधर, घर के अंदर सो रही रौशनी कुमारी बदमाशों के हत्थे चढ़ गई। हमलावरों ने उसकी गर्दन में ताबड़तोड़ चाकू गोद दिए, जिससे रौशनी कुमारी मौके पर ही मौत के घाट उतर गई। भागते समय बदमाशों ने घर के बाहर दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की।
15 दिन पहले हुआ था विवाद, एफआईआर भी दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सहरसा भेज दिया। सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह पूरा मामला जमीनी रंजिश से जुड़ा है। इसी महीने की 2 तारीख को दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर हिंसक झड़प हुई थी। उस समय सलखुआ थाने में दोनों तरफ से क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मामले के आरोपी फिलहाल फरार हैं और इसी बीच उन्होंने यह खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
ननिहाल में थे दोनों मासूम, मां का साया हमेशा के लिए छिन गया
रौशनी कुमारी की शादी करीब पांच साल पहले हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे हैं पांच साल की बेटी कोमल और तीन साल का बेटा गोलू। घटना के समय दोनों बच्चे अपने ननिहाल गए हुए थे, जिससे वे सुरक्षित रहे। हालांकि, इस जघन्य कांड ने दोनों मासूमों के सिर से हमेशा के लिए मां का साया छीन लिया है। मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में बारिश और ओलावृष्टि ने मचाई तबाही, सैकड़ों एकड़ फसल बर्बाद, आम और लीची भी प्रभावित
आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी तेज
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच कर रही है। एसडीपीओ ने बताया कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.